गुकेश ने 11वीं बाजी में लिरेन को हराया, विश्व शतरंज चैम्पियनशिप में बढ़त बनाई
गुकेश ने 11वीं बाजी में लिरेन को हराया, विश्व शतरंज चैम्पियनशिप में बढ़त बनाई
सिंगापुर, आठ दिसंबर (भाषा) भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने सफेद मोहरों से खेलते हुए बेहतरीन खेल का नजारा पेश किया और रविवार को यहां विश्व शतरंज चैंपियनशिप के 11वें दौर में गत चैंपियन डिंग लिरेन को हराकर एक अंक की बढ़त बना ली।
क्लासिकल प्रारूप में खेली जा रही इस 14 दौर की प्रतियोगिता में अब केवल तीन बाजियां खेली जानी बाकी हैं। भारतीय खिलाड़ी के इस जीत से छह अंक हो गए हैंं जबकि चीन के खिलाड़ी के पांच अंक हैं।
जो भी खिलाड़ी पहले 7.5 अंक बनाएगा, वह विश्व चैंपियनशिप का विजेता बन जाएगा। इस तरह से यह जीत 18 वर्षीय गुकेश के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
गुकेश और लिरेन दोनों पर समय का दबाव था। चीन के खिलाड़ी ने इस दबाव में गलतियां की जिसका फायदा उठाकर गुकेश ने प्रतियोगिता में अपनी दूसरी जीत हासिल की। गुकेश की जीत लगातार सात और कुल मिलाकर आठ ड्रॉ के बाद आई है।
लिरेन ने इस प्रतियोगिता में शुरुआती बाजी जीतकर बढ़त बनाई थी लेकिन गुकेश ने तीसरी बाजी जीत कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया था। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच लगातार सात बाजियां ड्रॉ रही थी।
भाषा पंत नमिता
नमिता

Facebook


