अर्शदीप जिस स्थिति में हैं उससे खुश हूं, टूर्नामेंट के आखिर में उनसे अच्छा प्रदर्शन चाहता हूं: हैडिन

Ads

अर्शदीप जिस स्थिति में हैं उससे खुश हूं, टूर्नामेंट के आखिर में उनसे अच्छा प्रदर्शन चाहता हूं: हैडिन

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 09:25 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 09:25 PM IST

हैदराबाद, पांच मई (भाषा) अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन मौजूदा आईपीएल में भले ही थोड़ा उतार-चढ़ाव वाला रहा हो लेकिन पंजाब किंग्स के सहायक कोच ब्रेड हैडिन चाहते हैं कि यह बाएं हाथ का ‘विश्व स्तरीय’ तेज गेंदबाज ‘टूर्नामेंट के आखिर में होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबलों’ के लिए अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हो।

पिछले साल फाइनल में जगह बनाने वाला पंजाब 13 अंक के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है।

हैडिन ने कहा कि अब तक नौ मैच में 10 विकेट चटकाने वाले अर्शदीप अपनी भूमिका को अच्छी तरह समझते हैं।

हैडिन ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘अर्शदीप विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं। आप जानते हैं कि इस टूर्नामेंट में कुछ बुरे दिन भी आएंगे क्योंकि बल्लेबाजी शुरू से ही कितनी विस्फोटक रही है।’’

हैडिन ने कहा, ‘‘आंकड़े बताते हैं कि कुछ बड़े लक्ष्य का पीछा किया गया है और अर्शदीप टूर्नामेंट के प्रवाह को समझते हैं। वह जिस स्थिति में हैं उससे हम खुश हैं। आप चाहते हैं कि आपके सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी टूर्नामेंट के आखिर में होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करें और वह हमारे लिए उस प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा हैं।’’

हैडिन ने कहा कि पंजाब ग्रुप चरण के आखिरी कुछ मुकाबलों में प्रवेश करते हुए ‘परफेक्ट खेल’ खेलने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘टूर्नामेंट खेलने का मतलब है कि बिल्कुल आखिर में अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना। हम हर समय इसी के लिए प्रयास कर रहे हैं- बेहतरीन नतीजा, वह बेहतरीन मैच। हमें लगता है कि जब हम वह हासिल कर लेंगे तो हमें हराना बहुत मुश्किल होगा।’’

भाषा सुधीर

सुधीर