भारत को डब्ल्यूपीएल के जरिये और तेज गेंदबाज तथा कलाई के स्पिनर तैयार करने होंगे : बिशप
भारत को डब्ल्यूपीएल के जरिये और तेज गेंदबाज तथा कलाई के स्पिनर तैयार करने होंगे : बिशप
मुंबई, 29 जून (भाषा) वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज इयान बिशप ने सोमवार को कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम को टी20 प्रारूप में विश्व स्तर पर सफलता पाने के लिये महिला प्रीमियर लीग के जरिये और तेज गेंदबाज और कलाई के स्पिनर तैयार करने होंगे ।
वनडे विश्व चैम्पियन भारतीय टीम टी20 महिला विश्व कप से पहले ही दौर में बाहर हो गई ।
आईसीसी महिला टी20 विश्व कप विशेषज्ञ बिशप ने जियो स्टार पर मीडिया डे में कहा ,‘‘ डब्ल्यूपीएल में आपको टीमों को इस तरह से तैयार करना होगा कि विदेशी विदेशी खिलाड़ियों को तो शामिल करें ही, साथ ही यह भी पक्का करें कि भारतीय खिलाड़ियों का चयन भी अहम भूमिका निभाये क्योंकि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आपको भारतीय खिलाड़ियों की ही जरूरत होगी ।’’
उन्होंने कहा,‘‘ विश्व स्तर पर आप विदेशी खिलाड़ियों पर निर्भर नहीं रहते । यह आपकी राष्ट्रीय टीम है ।’’
आस्ट्रेलिया के खिलाफ रिचा घोष को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर नहीं भेजने पर भी उन्होंने सवाल उठाया चूंकि जेमिमा रौड्रिग्स पूरी लय में नहीं थी ।
उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे लगता है कि रिचा को थोड़ा ऊपर भेजा जाना चाहिये था । जेमिमा लय में नहीं थी । भारत को चोटों का भी खामियाजा भुगतना पड़ा और श्रेयंका पाटिल भी बाहर हो गई । भारत को तेज गेंदबाजी में और विकल्प चाहिये थे ।’’
बिशप ने कहा ,‘‘ टी20 क्रिकेट में आस्ट्रेलिया छह खिताब जीत चुका है और उनकी बल्लेबाजी शानदार है । भारत के पास भी है लेकिन और जरूरत है । डब्ल्यूपीएल अभी नया टूर्नामेंट है और इसका पूरा प्रभाव समय रहते देखने को मिलेगा ।’’
भाषा मोना
मोना

Facebook


