भारत सितंबर-अक्टूबर में केप वर्दे की मेजबानी कर सकता है
भारत सितंबर-अक्टूबर में केप वर्दे की मेजबानी कर सकता है
… सुमन रे …
नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों को सितंबर-अक्टूबर में एक और बड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है, क्योंकि विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली केप वर्दे की टीम के भारत दौरे की संभावना है। प्रस्तावित मुकाबले के 30 सितंबर से छह अक्टूबर के बीच खेले जाने की संभावना है। हालांकि, मुकाबले की तारीख और आयोजन स्थल को लेकर बातचीत अभी जारी है। इस मामले से जुड़े सूत्र ने बताया कि केप वर्दे के खिलाफ मुकाबला कोलकाता में तीन अक्टूबर को होने वाले भारत के बहुप्रतीक्षित ब्राजील के खिलाफ मैत्री मैच से पहले या बाद में खेला जा सकता है। सूत्र के मुताबिक, “बातचीत चल रही है, लेकिन अभी इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है। भारत के 30 सितंबर से छह अक्टूबर के बीच केप वर्दे की मेजबानी करने की संभावना काफी अधिक है। आधिकारिक रूप से मुकाबला तय होने के बाद ही तारीख और स्थल का फैसला होगा। तैयारियां और विचार-विमर्श जारी हैं। उम्मीद है कि जल्द ही इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा।’’ विश्व रैंकिंग में 64वें स्थान पर काबिज केप वर्दे ने 2026 विश्व कप में अपने शानदार पदार्पण से दुनिया का ध्यान आकर्षित किया था। अफ्रीका की इस टीम ने ग्रुप चरण में एक भी मैच नहीं गंवाया और अंतिम 32 में जगह बनाई। केप वर्दे ने ग्रुप चरण में स्पेन को बराबरी पर रोका, जो बाद में चैंपियन बनी। यह केप वर्दे का पहला विश्व कप था और इसके साथ वह विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाला सबसे छोटा देश तथा आइसलैंड के बाद दूसरा सबसे कम आबादी वाला देश बन गया। भाषा आनन्द सुधीरसुधीर

Facebook


