एशियाई युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारत के दो और पदक पक्के
एशियाई युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारत के दो और पदक पक्के
बैंकॉक, तीन जुलाई (भाषा) युवा टेबल टेनिस खिलाड़ी सिंड्रेला दास के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने आईटीटीएफ-एटीटीयू एशियाई युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में अपना शानदार अभियान जारी रखते हुए शुक्रवार को दो और पदक सुनिश्चित कर लिए।
अंडर-19 बालिका युगल वर्ग में सिंड्रेला दास और दिव्यांशी भौमिक की जोड़ी ने सेमीफाइनल में चीन की याओ रुईशुआन और जियांग यीयी को 7-11, 11-7, 7-11, 11-8, 11-6 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
एकल वर्ग में भी सिंड्रेला ने दमदार प्रदर्शन जारी रखा। प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन की याओ रुईशुआन को हराने के बाद उन्होंने क्वार्टर फाइनल में जापान की यूना ओजियो को 11-5, 11-7, 5-11, 3-11, 8-11, 11-6, 11-3 से मात दी। उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बनाने के साथ ही कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित कर लिया।
वह एकल वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली भारत की एकमात्र खिलाड़ी हैं।
पी.बी. अभिनंद और दिव्यांशी भौमिक की शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी को सेमीफाइनल में थाईलैंड के थिताफात प्रीचायन और कुलापास विजितविरियागुल से 7-11, 9-11, 11-5, 5-11 से हार के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
इससे पहले भारतीय अंडर-19 बालक टीम भी कांस्य पदक जीत चुकी है। इस तरह भारत के अब तक इस प्रतियोगिता में चार पदक सुनिश्चित हो गये हैं।
बालक एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में पी.बी. अभिनंद ने चीनी ताइपे के यांग हाओ-एन पर 11-9, 6-11, 9-11, 6-11, 11-8, 14-12, 11-6 की शानदार जीत दर्ज की।
बालिका एकल में दिव्यांशी भौमिक ने सिंगापुर की लॉय मिंग यिंग को सात गेम तक चले मुकाबले में हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


