रायचंदानी और चौहान का शानदार प्रदर्शन, भारत अंडर-19 ने ऑस्ट्रेलिया को पारी और 48 रन से हराया
रायचंदानी और चौहान का शानदार प्रदर्शन, भारत अंडर-19 ने ऑस्ट्रेलिया को पारी और 48 रन से हराया
राजकोट, 29 सितंबर (भाषा) यशवर्धन चौहान ने 75 रन देकर छह विकेट लिए और ईशान ओम ने 62 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि लक्ष्य रायचंदानी ने 240 रन की पारी खेली जिससे भारत अंडर-19 ने मंगलवार को यहां पहले युवा टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को पारी और 48 रन से करारी शिकस्त दी।
इसके साथ ही भारत ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 पर अपना दबदबा कायम रखा। भारतीय टीम ने दो मैच की इस बहुदिवसीय श्रृंखला से पहले खेली गई युवा एकदिवसीय शृंखला में भी ऑस्ट्रेलिया को 3-0 से हराया था।
भारत अंडर-19 ने पहली पारी में 277 रन की विशाल बढ़त हासिल करने के बाद ही मैच का परिणाम लगभग तय कर दिया था। रायचंदानी के दोहरे शतक और चौहान (54) तथा मोहित उलवा (92) के अर्धशतकों की मदद से भारत ने पहली पारी में 494 रन बनाए।
चौहान भारत के लिए सबसे प्रभावी गेंदबाज रहे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ते हुए ब्लेक कैटल (123) और सलामी बल्लेबाज नील पटेल (41) के महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।
कैटल ने मेहमान टीम की ओर से अकेले संघर्ष करते हुए शानदार शतक लगाया। उन्होंने 114 गेंद में 16 चौकों और चार छक्कों की मदद से 123 रन बनाए। उन्होंने हालांकि दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला और ऑस्ट्रेलिया के सात बल्लेबाज दोहरे अंक में भी नहीं पहुंच पाए।
जहां चौहान ने ऑस्ट्रेलिया की पारी को समेटने का काम किया, वहीं बाएं हाथ के स्पिनर ईशान ओम ने विशेषज्ञ बल्लेबाजों को परेशान किया। उनकी बाएं हाथ की पारंपरिक स्पिन का ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था।
इससे पहले मैच के दूसरे दिन भारत ने रायचंदानी के नाबाद 210 रन की मदद से 213 रन की बढ़त हासिल कर ली थी। तीसरे दिन 430 रन पर सात विकेट से आगे खेलते हुए भारत ने अपनी पहली पारी 494 रन पर समाप्त की।
दाएं हाथ के बल्लेबाज रायचंदानी ने अंततः 281 गेंद में 240 रन बनाए। उनकी मैराथन पारी में 24 चौके और चार छक्के शामिल रहे।
चौहान ने रायचंदानी के साथ 124 रन की साझेदारी की और दूसरे दिन सात चौकों की मदद से 54 रन बनाए। वहीं उलवा ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया और 84 गेंद में 92 रन की पारी खेली जिसमें 10 चौके और चार छक्के शामिल थे।
दूसरा युवा टेस्ट पांच से आठ अक्टूबर तक इसी मैदान पर खेला जाएगा।
भाषा सुधीर मोना
मोना

Facebook


