भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा: एडुल्जी

भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा: एडुल्जी

भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा: एडुल्जी
Modified Date: June 25, 2026 / 09:20 pm IST
Published Date: June 25, 2026 9:20 pm IST

मुंबई, 25 जून (भाषा) भारत की पूर्व कप्तान डायना एडुल्जी का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली करारी हार के बाद महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारतीय टीम को अब असाधारण प्रदर्शन करना होगा।

हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका ने छह विकेट से हराया था, जिससे उसकी सेमीफाइनल की राह कठिन हो गई है। अब भारत को अंक तालिका में दक्षिण अफ्रीका से आगे रहने के लिए अपने शेष दोनों लीग मैचों में बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया को हराना होगा।

दक्षिण अफ्रीका के भी तीन मैचों में चार अंक हैं, लेकिन उसे अपने अंतिम दो मुकाबले बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलने हैं ऐसे में उसके पास नेट रनरेट बेहतर करने का अच्छा मौका होगा।

एडुल्जी ने ‘हर स्टोरी, हर ग्लोरी’ किताब के लोकार्पण समारोह के दौरान कहा, “हमने 50 ओवर के विश्व कप में भी लगातार तीन मैच हारने के बाद वापसी की थी और फिर सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। टीम को उस अनुभव को ध्यान में रखना होगा।”

उन्होंने कहा कि भारतीय टीम चुनौतियों से उबरने में सक्षम है, लेकिन उसका खेल एकदिवसीय प्रारूप के लिए अधिक उपयुक्त है।

एडुल्जी ने कहा, “हमारा खेल 50 ओवर के प्रारूप के लिए ज्यादा अनुकूल है। टी20 हमारे लिए थोड़ा कठिन है क्योंकि हम काफी डॉट गेंदें खेलते हैं। हम अभी भी स्ट्राइक रोटेट करने में उतने प्रभावी नहीं हैं और यही हमारी सबसे बड़ी समस्या है।”

उन्होंने कहा, ‘‘इस विश्व कप में हमें अच्छी शुरुआत मिल रही है, जो हमारे लिए सकारात्मक बात है, लेकिन हम पारी का मजबूत अंत नहीं कर पा रहे हैं। हमें इस पहलू में सुधार करना होगा।’’

पूर्व कप्तान ने 2017 महिला एकदिवसीय विश्व कप की याद दिलाते हुए कहा, “उस टूर्नामेंट में भी हमने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह हार हमारे लिए बड़ा झटका है। इससे आगे की राह को लेकर कुछ संदेह पैदा हुआ है, क्योंकि अब हमें उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन करना होगा।”

भाषा

आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में