भारत हार के बावजूद क्वार्टर में, महिला टीम चीन से जबकि पुरुष टीम कोरिया से भिड़ेगी

भारत हार के बावजूद क्वार्टर में, महिला टीम चीन से जबकि पुरुष टीम कोरिया से भिड़ेगी

भारत हार के बावजूद क्वार्टर में, महिला टीम चीन से जबकि पुरुष टीम कोरिया से भिड़ेगी
Modified Date: February 5, 2026 / 10:15 pm IST
Published Date: February 5, 2026 10:15 pm IST

किंगदाओ (चीन), पांच फरवरी (भाषा) भारत की पुरुष और महिला टीम बृहस्पतिवार को यहां बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप में अपने आखिरी ग्रुप मैच में क्रमश: जापान और थाईलैंड से 2-3 से करीबी हार के बावजूद क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं।

गत चैंपियन भारतीय महिला टीम का मुकाबला मेजबान चीन से होगा जबकि पुरुष टीम अंतिम आठ चरण में दक्षिण कोरिया से भिड़ेगी।

युवा तन्वी शर्मा के शानदार प्रदर्शन के बावजूद गत चैम्पियन भारत को ग्रुप वाय के दूसरे मैच में थाईलैंड के हाथों 2 . 3 से पराजय झेलनी पड़ी। इस हार के बावजूद भारत ने क्वार्टर फाइनल के लिये क्वालीफाई कर लिया।

म्यामां को पहले मैच में 5 . 0 से हराने के बाद भारत ग्रुप वाय में थाईलैंड के बाद दूसरे स्थान पर रहा ।

दुनिया की 42वें नंबर की खिलाड़ी और 2024 में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम की सदस्य रही तन्वी ने विश्व रैंकिंग में 16वें स्थान पर काबिज बुसानन ओंगामरूनंगफान को 21 . 14, 17 . 21, 21 . 18 से हराया ।

गायत्री गोपीचंद और त्रिसा जॉली की जोड़ी ने इसके बाद 65वीं रैंकिंग वाली टी क्लीबायीसुन और नत्तामोन लेइसुआन की जोड़ी को 21 . 14, 20 . 22, 21 . 11 से हराया ।

रक्षिता रामराज हालांकि 2023 विश्व जूनियर चैम्पियन 19 वर्ष की पिचामोन ओमात्निपुत से 19 . 21, 17 . 21 से हार गई । दूसरे युगल मैच में तनीषा क्रास्टो और श्रुति मिश्रा को एच मिजाद और नापापाकोर्न तुंगकासातान ने 19 . 21, 21 . 14, 21 . 15 से हराया ।

मालविका बंसोड को पहले एकल में पोर्नपिचा चोइकीवोंग ने 21 . 18, 21 . 14 से हराया ।

पुरुष वर्ग में भारत ने जापान के खिलाफ 2-0 की बढ़त गंवा दी। पहले ही क्वालीफाई कर चुके भारत ने लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत को आराम दिया। 2-0 की मजबूत बढ़त लेने के बाद अगले तीन मैच हाथ से निकल गए। हालांकि उसने पहले ही क्वालीफाई कर लिया था।

पूर्व विश्व जूनियर कांस्य पदक विजेता आयुष शेट्टी ने दुनिया के नंबर 13 केंटो निशिमोटो को 21-18, 15-21, 21-11 से हराकर अच्छा प्रदर्शन किया जबकि दो बार के विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने यूगो कोबायाशी और ताकुरो होकी को 21-18, 15-21, 21-12 से हराया।

इसके बाद भारत ने तीनों मैच गंवा दिए।

एचएस प्रणय दुनिया के नंबर 19 यूशी तनाका से 16-21, 11-21 से हार गए।

हरिहरन अमसकारुणन और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय की जोड़ी काकेरू कुमागाई और हिरोकी निशि से जबकि तरुण मन्नेपल्ली दुनिया के नंबर 23 कोकी वातानाबे से 21-12, 14-21, 11-21 से हार गए।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में