भारत ने आखिरी दिन दो पदक जीते, पदक तालिका में शीर्ष पर रहा

भारत ने आखिरी दिन दो पदक जीते, पदक तालिका में शीर्ष पर रहा

भारत ने आखिरी दिन दो पदक जीते, पदक तालिका में शीर्ष पर रहा
Modified Date: April 26, 2026 / 08:30 pm IST
Published Date: April 26, 2026 8:30 pm IST

काहिरा, 26 अप्रैल (भाषा) हेमंत बर्मन ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में रजत पदक जबकि जुहैर खान और आद्या कात्याल की जोड़ी ने ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता जिससे भारत ने आईएसएसएफ जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में कुल 16 पदक (पांच स्वर्ण, छह रजत और पांच कांस्य) जीतकर तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।

दिन के पहले फाइनल में बर्मन ने 50 मीटर थ्री पोजीशन स्पर्धा में तीनों पोजीशन में कुल 351.7 का स्कोर करके रजत पदक जीता।

अठारह साल के बर्मन ने सातवें स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। फाइनल में उनके साथ वेदांत नितिन वाघमारे और रोहित कनियान भी थे जिन्होंने क्रमशः छठा और सातवां स्थान हासिल किया।

कजाखस्तान के ओलेग नोस्कोव ने 355.6 के नए जूनियर विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि उज्बेकिस्तान के निकिता सोलोकोव ने 341.2 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।

भारतीय निशानेबाज मानवेंद्र सिंह शेखावत, कुशाग्र सिंह राजावत, और हितेश श्रीनिवासन शीर्ष आठ में जगह बनाने में नाकाम रहे।

टूर्नामेंट की आखिरी स्पर्धा में जुहैर और आद्या की जोड़ी ने क्वालीफिकेशन दौर में 137 का स्कोर करके पदक दौर में जगह बनाई और फिर फाइनल में 19 का स्कोर करके कांस्य पदक अपने नाम किया।

पहले दो दौर के बाद रजत पदक की दौड़ में शामिल यह जोड़ी तीसरे दौर में पिछड़ गई। इस दौर में आद्या अपने पांच में से चार निशाने चूक गईं जबकि जुहैर एक निशाना चूक गए जिसके चलते वे रजत पदक की दौड़ से बाहर हो गए और उन्हें कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा।

हंगरी के बेंस डोएबोएरहेगी और अन्ना नित्राई ने 32 के नए विश्व जूनियर रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि तटस्थ एथलीट रामिर निकोलेव और क्सेनिया तातारिनोवा ने 25 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता।

50 मीटर राइफल प्रोन महिला स्पर्धा में सभी भारतीय निशानेबाज तेजल नाथावत, युगेश्वरी बैस, अनुष्का ठाकुर और ख्वाहिश शर्मा पदक की दौड़ से बाहर रहीं।

भारतीय जूनियर एथलीट अब अपना ध्यान आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप पर केंद्रित करेंगे।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में