विश्व कप से पहले भारतीय पुरुष हॉकी टीम का स्विट्जरलैंड में तीन दिवसीय विशेष शिविर
विश्व कप से पहले भारतीय पुरुष हॉकी टीम का स्विट्जरलैंड में तीन दिवसीय विशेष शिविर
नयी दिल्ली, 26 जुलाई (भाषा) भारतीय पुरुष हॉकी टीम अगले महीने नीदरलैंड और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में होने वाले हॉकी विश्व कप से पहले मानसिक अनुकूलन कोच पैडी अप्टन के प्रशिक्षण केंद्र पर स्विट्जरलैंड में तीन दिवसीय ट्रेनिंग शिविर में हिस्सा लेगी।
यह शिविर स्विस एल्प्स में मशहूर ‘एडवेंचरर’ माइक हॉर्न के ‘बेस कैंप’ में आयोजित किया जाएगा।
इससे पहले भी भारतीय टीम ने 2024 पेरिस ओलंपिक से पहले इसी तरह का शिविर किया था जिसके बाद टीम ने लगातार दूसरा कांस्य पदक जीतने में सफलता हासिल की थी।
भारतीय टीम इस महीने के अंत में स्विट्जरलैंड के लिए रवाना होगी।
भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने पीटीआई से कहा, ‘‘प्रो लीग के लिए रवाना होने से पहले हमने एक शिविर किया था और अब एक और शिविर होगा। हम स्विट्जरलैंड जाएंगे, जहां पैडी अप्टन के साथ 2-3 दिन का कार्यक्रम तय है। हम उसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘पेरिस ओलंपिक से पहले भी हमने इसी तरह की तैयारी की थी। इस बार भी हम वैसा ही माहौल बनाएंगे, लेकिन हमारी टीम अलग है इसलिए इस बार का दृष्टिकोण और उद्देश्य भी अलग होंगे। ’’
दक्षिण अफ्रीका के फुल्टन ने कहा, ‘‘मुख्य बात हमेशा टीम के बीच तालमेल, भरोसा और आपसी जुड़ाव मजबूत करना होता है। यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि हर खिलाड़ी अपनी भूमिका को समझे, टीम का आत्मविश्वास मजबूत हो और एक-दूसरे पर विश्वास उससे भी अधिक मजबूत हो। ’’
जब उनसे कार्यक्रम के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, ‘‘मुझे वास्तव में इसकी जानकारी नहीं है। कार्यक्रम पैडी अप्टन तैयार कर रहे हैं और वहां पहुंचने के बाद ही हमें इसकी पूरी जानकारी मिलेगी। ’’
फुल्टन ने कहा कि वह टीम के भीतर बढ़ती प्रतिस्पर्धा से खुश हैं और किसी भी खिलाड़ी को अपनी जगह पक्की मानकर नहीं चलना चाहिए, चाहे वह अनुभवी मनप्रीत सिंह हों या कोई युवा खिलाड़ी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह सभी खिलाड़ियों पर समान रूप से लागू होता है। हर खिलाड़ी को प्रदर्शन करना होगा और अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। मनप्रीत लंबे समय से टीम के अहम सदस्य रहे हैं, लेकिन आज भी उनमें वही भूख और उत्साह है, वह टीम के लिए लगातार योगदान दे रहे हैं। ’’
हॉकी विश्व कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड और बेल्जियम में होगा। इसके बाद 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक एशियाई खेल आयोजित होंगे जो 2028 ओलंपिक के लिए क्वालीफिकेशन का भी महत्वपूर्ण टूर्नामेंट होंगे।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर

Facebook


