स्वर्ण पदक के लक्ष्य के साथ एशियाड के लिए रवाना हुई भारतीय महिला हॉकी टीम

स्वर्ण पदक के लक्ष्य के साथ एशियाड के लिए रवाना हुई भारतीय महिला हॉकी टीम

स्वर्ण पदक के लक्ष्य के साथ एशियाड के लिए रवाना हुई भारतीय महिला हॉकी टीम
Modified Date: September 8, 2026 / 11:50 am IST
Published Date: September 8, 2026 11:50 am IST

बेंगलुरु, आठ सितंबर (भाषा) विश्व कप में ऐतिहासिक पांचवें स्थान पर रहने के बाद उत्साह से लबरेज भारतीय महिला हॉकी टीम स्वर्ण पदक जीतकर 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए सीधे क्वालीफाई करने के लक्ष्य के साथ एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए मंगलवार को जापान रवाना हुई।

कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में और कोच शोर्ड मारिन की निगरानी में भारत ने विश्व कप में पांचवें स्थान पर रहकर 1974 के बाद अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

अब सबकी निगाहें एशियाई खेलों पर टिकी हैं, जहां स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम सीधे ओलंपिक में जगह बना लेगी।

सलीमा ने कहा, ‘‘हम एशियाई खेलों में बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ जा रहे हैं, लेकिन हम यह भी जानते हैं कि हर टूर्नामेंट एक नई चुनौती लेकर आता है। नेशंस कप और विश्व कप ने हमें यह विश्वास दिलाया है कि हम मिलकर क्या हासिल कर सकते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट है, स्वर्ण पदक जीतना और लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करना। हम जानते हैं कि इसके लिए निरंतरता, अनुशासन और हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। एक टीम के रूप में हम इस चुनौती के लिए तैयार हैं।’’

भारत को जापान, थाईलैंड, सिंगापुर, इंडोनेशिया और उज्बेकिस्तान के साथ पूल बी में रखा गया है। टीम 20 सितंबर को उज्बेकिस्तान के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी। इसके बाद वह 21 सितंबर को इंडोनेशिया, 23 सितंबर को थाईलैंड, 25 सितंबर को जापान और 27 सितंबर को सिंगापुर के खिलाफ मैच खेलेगी।

नॉकआउट चरण 30 सितंबर को होंगे जबकि दो अक्टूबर को स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला होगा।

भारतीय टीम में सविता, नवनीत कौर, नेहा, निक्की प्रधान, लालरेम्सियामी और सुशीला चानू पुखरामबम जैसी अनुभवी खिलाड़ियों के अलावा कई युवा खिलाड़ी भी शामिल है जिन्होंने हाल में अपने प्रदर्शन से विशेष छाप छोड़ी है।

एशियाई खेलों के लिए भारत की 20 सदस्यीय टीम में दो गोलकीपर (सविता, बिचू देवी खारीबाम), पांच डिफेंडर (इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, लालथंटलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास), छह मिडफील्डर (निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनिलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, दीपिका सोरेंग) और सात फॉरवर्ड (लालरेम्सियामी, रुतुजा दादासो पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग) शामिल हैं।

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में