जायसवाल ने कहा, अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने पर ध्यान था
जायसवाल ने कहा, अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने पर ध्यान था
चेन्नई, 20 जून (भाषा) सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने शनिवार को यहां अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे मैच में शानदार नाबाद शतक जड़कर भारत को नौ विकेट से जीत दिलाने के बाद कहा कि एकदिवसीय प्रारूप में कम मौके मिलने के बावजूद उनका ध्यान अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने पर था।
चोटिल विराट कोहली की जगह तीन मैच की एकदिवसीय के लिए 24 साल के जायसवाल को टीम में शामिल किया गया था। उन्होंने तीसरे और अंतिम मैच में 86 गेंद पर नाबाद 110 रन बनाए। भारत ने 219 रन का लक्ष्य सिर्फ 28.4 ओवर में हासिल कर लिया।
मैच के बाद जायसवाल ने कहा, ‘‘मैंने इसका पूरा लुत्फ उठाया। शुरुआत में मुझे पावरप्ले में कुछ रन मिले इसलिए मैं बस आगे बढ़ते रहना चाहता था और अंत तक खेलना चाहता था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं बस अपनी प्रक्रिया पर ध्यान देता हूं जो मेरे नियंत्रण में है और जितना हो सके कड़ी मेहनत करने की कोशिश करता हूं। सहयोगी स्टाफ का हमेशा सहयोग मिलता है और वे मेरे लिए बहुत अच्छे रहे हैं। बातचीत बहुत अच्छी होती है इसलिए मुझे पता होता है कि क्या हो रहा है।’’
जायसवाल ने कहा, ‘‘मैं भाग्यशाली रहा हूं इसलिए अगर मुझे अच्छी शुरुआत मिलती है तो मैं उसे बड़ी पारी में बदलने की कोशिश करता हूं। मैंने खेलों में और विशेषकर क्रिकेट में देखा है कि जब आपका दिन हो तो उसका पूरा फायदा उठाना चाहिए। इसलिए मैं ऐसा करने की कोशिश करता हूं।’’
इस युवा बल्लेबाज ने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की भूमिका को भी सराहा।
जायसवाल ने कहा, ‘‘बेशक, रोहित भैया हमेशा मदद करते हैं। मैं उनसे हमेशा सवाल पूछता रहता हूं और उन्हें खेल में आजमाने की कोशिश करता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज भी जब मैं खाली गेंद खेल रहा था तो मैंने पूछा कि मुझे क्या करना चाहिए। उन्होंने मुझे बताया कि बस स्ट्राइक रोटेट करने की कोशिश करो और इरादा सही रखो इसलिए मैंने अपना इरादा सही रखा और स्ट्राइक रोटेट करता रहा। इससे मुझे सच में मदद मिली।’’
भारत के कप्तान शुभमन गिल ने तेज गेंदबाजों गुरनूर बरार और प्रसिद्ध कृष्णा की तारीफ की जिन्होंने शानदार शुरुआती स्पेल से मैच का रुख मेजबान टीम की ओर मोड़ा।
गिल ने कहा, ‘‘गुरनूर और प्रसिद्ध का पहला स्पैल देखना शानदार था। इस मौसम में ऐसी गति कम ही देखने को मिलती है लेकिन वे कमाल के थे।’’
श्रृंखला में 239 रन बनाने के लिए श्रृंखला के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए गिल ने कहा, ‘‘मैं उन्हें एक अतिरिक्त ओवर देना चाहता था लेकिन वे काफी थक गए थे।’’
गिल ने कहा कि भारत ने श्रृंखला के दौरान कई लक्ष्य हासिल किए, विशेषकर बीच के ओवरों में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अपने रवैये को बेहतर बनाने में।
उन्होंने कहा, ‘‘इस श्रृंखला में कई चीजें सही रहीं। हमने बीच के ओवरों में जज्बा बनाए रखने और गेंदबाजी से मौके बनाने के बारे में बात की। बल्लेबाजों के तौर पर हमने इस बारे में भी चर्चा की कि हम अतिरिक्त रन के लिए कैसे कोशिश कर सकते हैं।’’
आगामी इंग्लैंड दौरे को देखते हुए गिल ने कहा, ‘‘इंग्लैंड में हालात कुछ हद तक वैसे ही होंगे जैसे हमें दक्षिण अफ्रीका में मिलेंगे। हमें उम्मीद है कि सभी खिलाड़ी फिट और उपलब्ध रहेंगे। यह एक अच्छा मुकाबला होगा।’’
करियर में पहली बार पांच विकेट चटकाने के लिए मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने अपनी सफलता का श्रेय अच्छी योजना और गेंदबाजी समूह के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा को दिया।
प्रसिद्ध ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि एक टीम के तौर पर सही लेंथ पर गेंदबाजी करने की कोशिश करना जरूरी है, चाहे हम कुछ भी चर्चा करें या कोई भी रणनीति अपनाएं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब आपके साथ अच्छे गेंदबाज हों तो यह बहुत मददगार होता है। नेट में अच्छी प्रतिस्पर्धा होने पर आप एक-दूसरे से सीखते हैं। आप एक-दूसरे को बेहतर करने के लिए प्रेरित करते हैं।’’
अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी को शुरुआत में जल्दी विकेट गंवाने का मलाल है।
शाहिदी ने कहा,‘‘मुझे लगता है कि आज शुरुआती दस ओवरों में उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन हमने जल्दी विकेट गंवा दिए जिससे हम दबाव में आ गए। अजमत और मेरी अच्छी साझेदारी हुई थी लेकिन फिर हमने लगातार विकेट गंवा दिए और इसी वजह से हम पीछे रह गए।’’
शाहिदी ने 131 गेंद में 102 रन बनाकर पारी को संभाले रखा। यह उनका पहला एकदिवसीय शतक था।
उन्होंने कहा, ‘‘लंबे समय बाद मैंने अपना पहला शतक लगाया। मुझे अच्छा लग रहा है और मैं अपने देश के लिए बार-बार ऐसा करने की पूरी कोशिश करूंगा। बहुत गर्मी थी और मुझे मांसपेशियों में खिंचाव हो रहा था। लेकिन अब मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं। ’’
शाहिदी ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमारे पास प्रतिभावान खिलाड़ी हैं लेकिन भारत में भारत के खिलाफ खेलना मुश्किल है। हम अच्छा नहीं खेले। लेकिन हम इससे सीखेंगे।’’
अफगानिस्तान के कप्तान ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हम एक अच्छी टीम हैं लेकिन हम एकदिवसीय क्रिकेट से दूर रहे हैं। हमने पिछली बार आठ महीने पहले बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। अगला मैच हम आयरलैंड के खिलाफ खेलेंगे। हम अपनी कमियों पर काम करेंगे।’’
भाषा सुधीर नमिता
नमिता

Facebook


