जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में, हर्ष टोकस कांस्य पदक की दौड़ में

जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में, हर्ष टोकस कांस्य पदक की दौड़ में

जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में, हर्ष टोकस कांस्य पदक की दौड़ में
Modified Date: August 1, 2026 / 07:07 pm IST
Published Date: August 1, 2026 7:07 pm IST

ग्लास्गो, एक अगस्त (भाषा) भारतीय जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा ने शनिवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 63 किग्रा से कम भार वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाकर स्वर्ण पदक की उम्मीद कायम रखीं जबकि हमवतन हर्ष टोकस पुरुषों के 81 किग्रा से कम भार वर्ग में अब कांस्य पदक के लिए मुकाबला करेंगे।

हालांकि इनुंगानबी तकेल्लाम्बम (महिलाओं के 70 किग्रा से कम भार वर्ग) और करणजीत सिंह मान (पुरुषों के 90 किग्रा से कम भार वर्ग) का अभियान समाप्त हो गया। दोनों को रेपेचेज राउंड के जरिए वापसी का मौका मिला था, लेकिन वे इसका फायदा उठाने में नाकाम रहे।

उन्नति ने अपने अभियान की शुरुआत प्री-क्वार्टर फाइनल में ईस्वातिन की लामुलेला मगागुला पर एक मिनट 39 सेकेंड में इप्पोन के जरिए शानदार जीत के साथ की।

क्वार्टर फाइनल में उन्नति ने न्यूजीलैंड की कोना क्रिस्टी को कड़े मुकाबले में हराया। उन्होंने पहले एक युको अंक अर्जित किया और फिर वाजा-आरी के दम पर जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बनाई।

पुरुषों के 81 किग्रा वर्ग में टोकस को क्वार्टर फाइनल में साइप्रस के ओडिसियस जॉर्जाकिस के खिलाफ 0-1 से करीबी हार का सामना करना पड़ा। टोकस वापसी करते हुए रेपेचेज मुकाबले में समोआ के पेनियामिना पर्सिवल पर जीत दर्ज करने में सफल रहे।

पुरुषों के 90 किग्रा से कम भार वर्ग में करणजीत ने न्यूजीलैंड के एलियट कोनोली को तीन मिनट 29 सेकेंड में इप्पोन के जरिए हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। लेकिन अंतिम आठ के मुकाबले में वह कनाडा के गियोम गॉलिन से तीन मिनट और 29 सेकेंड में हार गए।

फिर रेपेचेज राउंड में वह घरेलू प्रबल दावेदार स्कॉट क्यूसाक से हार गए।

महिलाओं के 70 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में इनुंगानबी तकेल्लाम्बम कनाडा की चार्ली थिबॉल्ट से तीन मिनट 23 सेकेंड में इप्पोन से हार गईं। इनुंगानबी को रेपेचेज राउंड में खेलने का मौका मिला लेकिन वह इस मौके का फायदा नहीं उठा सकीं और इंग्लैंड की जेमिमा यिट्स ब्राउन से हार गईं।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में