केकेआर के गेंदबाजों ने मुंबई इंडियंस को आठ विकेट पर 147 रन पर रोका

केकेआर के गेंदबाजों ने मुंबई इंडियंस को आठ विकेट पर 147 रन पर रोका

केकेआर के गेंदबाजों ने मुंबई इंडियंस को आठ विकेट पर 147 रन पर रोका
Modified Date: May 20, 2026 / 10:45 pm IST
Published Date: May 20, 2026 10:45 pm IST

कोलकाता, 20 मई (भाषा) कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की गेंदबाजी इकाई ने बुधवार को यहां परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए बारिश से प्रभावित इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के ‘करो या मरो’ के मैच में मुंबई इंडियंस को आठ विकेट पर 147 रन के स्कोर पर रोक दिया।

बादलों से घिरे आसमान के नीचे और बारिश से बचने के लिए ढकी गई ईडन गार्डन्स की पिच पर केकेआर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पावरप्ले में मुंबई इंडियंस का स्कोर चार विकेट पर 41 रन कर दिया।

इसमें कैमरन ग्रीन (तीन ओवर में 23 रन देकर दो विकेट) और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ दुबे (34 रन देकर दो विकेट) ने शुरुआती ओवरों में दो-दो विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई।

ग्रीन गेंद के अलावा मैदान पर असाधारण रहे। उन्होंने सिर्फ तीन गेंदों के अंतराल में रेयान रिकेलटन (06) और नमन धीर (0) को पवेलियन भेजकर दो विकेट झटके।

इसके बाद उन्होंने मिड विकेट से दौड़ते हुए एक शानदार कैच लपका और दुबे की गेंद पर रोहित शर्मा (15) को आउट कर दिया। इस दिग्गज भारतीय बल्लेबाज ने तभी खुलकर खेलने की कोशिश की थी।

इसके बाद मुंबई इंडियंस ने सिर्फ आठ गेंदों के अंतराल में छह रन के भीतर ही अपने तीन विकेट गंवा दिए।

सूर्यकुमार यादव ने ग्रीन की गेंदों पर लगातार बाउंड्री लगाईं और फिर दुबे की गेंद को स्क्वायर लेग के ऊपर से मारकर छक्का जड़ दिया। लेकिन बाएं हाथ के गेंदबाज दुबे ने समझदारी दिखाते हुए अपनी गेंदबाजी की दिशा बदली (अराउंड द विकेट आए) और गेंद को अंदर की ओर एंगल दिया जिसके चलते सूर्यकुमार गेंद को अपने ही स्टंप्स पर मार बैठे और 26 रन बनाकर आउट हो गए।

बारिश के कारण एक घंटे का खेल रुकने के बाद केकेआर की स्पिन जोड़ी सुनील नारायण और चोटिल वरुण चक्रवर्ती ने अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। दोनों ने मिलकर अपने शुरुआती चार ओवरों में सिर्फ 14 रन दिए।

नारायण अपनी टर्न और उछाल से काफी खतरनाक साबित हुए। उन्होंने तिलक वर्मा को लगातार परेशान किया और अंत में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या (26 रन, 27 गेंद) का कीमती विकेट हासिल किया।

नारायण ने अपने चार ओवर में 13 रन देकर एक विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया जिसमें 16 ‘डॉट बॉल’ शामिल थीं।

चक्रवर्ती बदकिस्मत रहे कि वह तिलक को 12 रन के स्कोर पर आउट नहीं कर पाए। विकेटकीपर अंगकृष रघुवंशी से टकराने के कारण उनके हाथ से ‘रिटर्न कैच’ (गेंदबाज की ओर आया कैच) छूट गया।

इस दौरान रघुवंशी के हाथ में चोट लग गई और उन्हें मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा। उनकी जगह तेजस्वी दहिया वैकल्पिक खिलाड़ी के तौर पर मैदान में आए।

हालांकि तिलक इस जीवनदान का फायदा उठाने में नाकाम रहे। उन्होंने बेहद धीमी गति से खेलते हुए 32 गेंदों में सिर्फ 20 रन बनाए और अंत में कार्तिक त्यागी की गेंद पर अनुकूल रॉय के हाथों कैच आउट हो गए।

मुंबई इंडियंस का स्केार 17 ओवर में सात विकेट पर 106 रन था। पर टीम ने अच्छी वापसी की और पारी का अंत शानदार तरीके से किया जिसमें कोर्बिन बॉश की 18 गेंदों में नाबाद 32 रन की अहम भूमिका रही। उनकी पारी में दो छक्के और तीन चौके शामिल थे। इसस टीम ने आखिरी तीन ओवरों में 41 रन जोड़े।

भाषा नमिता

नमिता


लेखक के बारे में