कोठारी ने आडवाणी को हराकर विश्व बिलियर्ड्स खिताब बरकरार रखा
कोठारी ने आडवाणी को हराकर विश्व बिलियर्ड्स खिताब बरकरार रखा
कारलो (आयरलैंड), 29 अप्रैल (भाषा) भारत के सौरव कोठारी ने यहां एकतरफा फाइनल में हमवतन पंकज आडवाणी को हराकर आईबीएसएफ विश्व बिलियर्ड्स चैंपियनशिप का खिताब बरकरार रखा।
कोलकाता के खिलाड़ी ने तीन घंटे तक चले फाइनल में 19 बार के चैंपियन आडवाणी को 1133-477 से हराया।
कोठारी ने लगातार अच्छे ब्रेक बनाए। उन्होंने 485, 121, 90, 241 और 155 के ब्रेक बनाकर अपनी जीत सुनिश्चित की।
कोठारी ने फाइनल के बाद अपनी जीत को अपने पिताजी मनोज कोठारी को समर्पित किया जिनका इस साल के शुरू में निधन हो गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने पिताजी के लिए इस प्रतियोगिता को दोबारा जीतना चाहता था। यह जीत मैं अपने पिताजी को समर्पित करता हूं।’’
कोठारी ने कहा, ‘‘विश्व खिताब जीतना वाकई अविश्वसनीय लगता है और उसका बचाव करना तो और भी खास है।’’
आडवाणी ने शुरू में 141 का ब्रेक बनाया लेकिन कोठारी ने 485 के साथ उसका करारा जवाब दिया। इसके बाद उन्होंने 121 और 90 के ब्रेक बनाकर आडवाणी को मुकाबले से बाहर कर दिया।
आडवाणी जब 224-700 से पीछे चल रहे थे तब उन्होंने 64 का ब्रेक बनाया। कोठारी ने उनकी गलती का फायदा उठाकर 241 का ब्रेक बनाया और 941-288 से बढ़त हासिल करनी। आडवाणी ने इसके बाद 119 का ब्रेक बनाया लेकिन कोठारी ने 155 का ब्रेक हासिल करके अपनी आसान जीत सुनिश्चित की।
भाषा
पंत नमिता
नमिता

Facebook


