कोठारी मुश्किल मुकाबले में जीते, आडवाणी ने शानदार शुरुआत की

कोठारी मुश्किल मुकाबले में जीते, आडवाणी ने शानदार शुरुआत की

कोठारी मुश्किल मुकाबले में जीते, आडवाणी ने शानदार शुरुआत की
Modified Date: April 25, 2026 / 07:35 pm IST
Published Date: April 25, 2026 7:35 pm IST

कारलो (आयरलैंड), 25 अप्रैल (भाषा) मौजूदा चैंपियन सौरव कोठारी को आईबीएसएफ विश्व बिलियर्ड्स चैंपियनशिप के अपने पहले मैच में ह्वांग चुलहो को हराने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

इस भारतीय दिग्गज ने दक्षिण कोरिया के चुलहो को 305-238 से हराया। मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन कोठारी ने 111 अंकों का एक अहम ब्रेक लगाकर कोरियाई खिलाड़ी को मात दी। 41 वर्षीय कोठारी अगले मैच में फ्रांस के अखिलेश मोहन से भिड़ेंगे।

पहले दिन ज्यादातर अन्य भारतीय खिलाड़ियों को किसी भी तरह की मुश्किल का सामना नहीं करना पड़ा।

पूर्व चैंपियन पंकज आडवाणी की माइकल क्रूक पर 1003-54 की एकतरफा जीत दिन का मुख्य आकर्षण रही।

बेंगलुरु के 40 वर्षीय आडवाणी ने लगातार कई बड़े ब्रेक लगाकर अपने प्रतिद्वंद्वी को पूरी तरह पस्त कर दिया।

अपना पहला विश्व खिताब जीतने की तलाश में जुटे ध्रुव सितवाला ने ग्रुप सी के एक मैच में ऑस्ट्रिया के कार्ल-वाल्टर स्टेनर पर 645-115 की शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। अनुभवी खिलाड़ी आलोक कुमार ने आयरलैंड के ओंगस मैकएनाली पर 502-202 की एकतरफा जीत दर्ज की।

भाषा नमिता

नमिता


लेखक के बारे में