मजबूत शुरुआत के बाद मैच पर पकड़ खो बैठे, हार से सीखकर करेंगे वापसी: अय्यर
मजबूत शुरुआत के बाद मैच पर पकड़ खो बैठे, हार से सीखकर करेंगे वापसी: अय्यर
बेलफास्ट, 26 जून (भाषा) आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की श्रृंखला के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में 34 रन की चौकाने वाली हार का सामना करने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने शुक्रवार को यहां कहा कि टीम इस मैच को भूलकर इससे सीख लेगी और अगले मुकाबले में पूरी तैयारी के साथ उतरेगी।
आयरलैंड ने नौ विकेट पर 182 रन बनाने के बाद भारत को 148 रन पर आउट कर टी20 विश्व चैंपियन के खिलाफ किसी भी प्रारूप में पहली जीत दर्ज की।
अय्यर ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा कि गेंदबाज बीच के ओवरों में लय बरकरार रखने में विफल रहे।
उन्होंने कहा, ‘‘शुरुआत में हमारे गेंदबाज काफी धारदार गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन बीच के ओवरों में हम अपनी योजनाओं पर अमल नहीं कर सके।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ हमने आयरलैंड के बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने का मौका दिया। उस समय मुझे लगा था कि 140 रन का लक्ष्य ही बनेगा और उसे हासिल करना आसान होगा।’
उन्होंने चुटिले अंदाज में हुए कहा, ‘‘कप्तान के तौर पर शानदार शुरुआत रही।’’
अय्यर ने इसके बाद गंभीर होते हुए कहा, ‘‘इस मैच को भूलकर, इससे सीख लेंगे और अगले मुकाबले में पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी चीज को हल्के में नहीं लिया जा सकता। आपको हर मैच में पूरी मेहनत करनी होती है। वर्तमान में रहना जरूरी है और जब भी प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बनाने का मौका मिले, उसे हाथ से नहीं जाने देना चाहिए।’’
भारत पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद आयरलैंड के कप्तान लोर्कान टकर ने इसे टीम और देश के लिए बेहद खास पल करार देते हुए कहा कि अब उनकी नजर भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर श्रृंखला जीतने पर है।
टकर ने मैच के बाद कहा, ‘‘ यह जीत हमारे लिए बेहद खास है। मैच के दौरान कई मुश्किल दौर आए, लेकिन हमने धैर्य बनाए रखा और अनुशासित क्रिकेट खेली। भारत ने शुरुआत में शानदार गेंदबाजी की और अच्छी लेंथ पर गेंद डालकर हमें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। कुछ समय तक तो मैच टेस्ट क्रिकेट जैसा लग रहा था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अपने घरेलू मैदान पर विश्व चैंपियन भारत को हराना बेहद विशेष है। इसका पूरा श्रेय खिलाड़ियों और क्रिकेट आयरलैंड के पर्दे के पीछे काम करने वाले सभी लोगों को जाता है।’’
उन्होंने श्रृंखला के दूसरे और अंतिम मुकाबले को लेकर कहा, ‘‘ घरेलू मैदान पर भारत के खिलाफ श्रृंखला जीतना हमारे लिए बेहद खास उपलब्धि होगी। पूरी टीम अगले मैच का बेसब्री से इंतजार कर रही है।’’
पदार्पण मैच में तीन विकेट चटकाकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने तेज गेंदबाज मैट हॉलार्ड ने इसे अपने जीवन का सबसे यादगार दिन बताया।
हॉलार्ड ने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि भारत के खिलाफ पदार्पण करूंगा। यह सपना सच होने जैसा है। मेरा परिवार जोहानिसबर्ग से यहां मुझे देखने आया है और इससे बढ़कर कुछ नहीं हो सकता।’’
भाषा आनन्द
आनन्द

Facebook


