महा ओपन: नागल जीते, धामने भी आगे बढ़े
महा ओपन: नागल जीते, धामने भी आगे बढ़े
पुणे, 24 फरवरी (भाषा) भारत के शीर्ष रैंकिंग वाले एकल खिलाड़ी सुमित नागल ने मंगलवार को यहां महा ओपन एटीपी चैलेंजर 75 पुरुष टेनिस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया जबकि स्थानीय दावेदार मानस धामने ने भी जीत दर्ज की।
नागल ने पहले दौर में जापान के सातवें वरीय रियो नोगुची को 6-1, 6-2 से हराया। भारतीय खिलाड़ी ने एक घंटे और नौ मिनट में मिली जीत के दौरान बेसलाइन से खेल को नियंत्रित किया और सीधे सेट में जीत दर्ज की।
वाइल्ड कार्ड धारक धामने ने चैलेंजर सर्किट पर अपनी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पिछले हफ्ते के दिल्ली चैलेंजर के विजेता यूनान के स्टेफानोस सकेलारिडिस को 6-4, 7-6 से हराया।
पुणे के दुनिया के 489वें नंबर के खिलाड़ी धामने ने दूसरे सेट के कड़े टाईब्रेक में धैर्य बरकरार रखते हुए दुनिया के 220वें नंबर के यूनान के खिलाड़ी के खिलाफ यादगार जीत हासिल की।
लिथुआनिया के आठवें वरीय एडास बुटविलास ने भारत के वाइल्ड कार्ड धारक आदित्य बालसेकर को 6-0, 6-1 से हराया जबकि भारत के ही करण सिंह को क्वालीफायर मैक्स कासनिकोवस्की ने 6-3, 6-1 से शिकस्त दी।
रूस के तीसरे वरीय इलिया सिमाकिन ने मलेशिया के क्वालीफायर मित्सुकी वेई कांग लियोंग को 2 घंटे और 24 मिनट तक चले करीबी मुकाबले में 4-6, 6-2, 7-6 से हराया।
इटली के छठे वरीय फेडेरिको सिना ने जापानी क्वालीफायर ताकुया कुमासाका के खिलाफ 6-1, 6-0 की आसान जीत दर्ज की।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द

Facebook


