मांडविया ने एचआईएल के पुनरुद्धार की योजना बनाने को कहा, पांच सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश

मांडविया ने एचआईएल के पुनरुद्धार की योजना बनाने को कहा, पांच सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश

मांडविया ने एचआईएल के पुनरुद्धार की योजना बनाने को कहा, पांच सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश
Modified Date: September 14, 2026 / 06:59 pm IST
Published Date: September 14, 2026 6:59 pm IST

(मोना पार्थसारथी)

नयी दिल्ली, 14 सितंबर (भाषा) खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को हॉकी इंडिया और हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के फ्रेंचाइजी मालिकों से आर्थिक संकट से जूझ रही लीग की वित्तीय व्यावहारिकता और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक खाका तैयार करने को कहा और इसके लिए पांच सदस्यीय समिति गठित करने का निर्देश दिया।

मंत्रालय के सूत्रों ने ‘भाषा’ को बताया कि मांडविया ने हॉकी इंडिया के अधिकारियों और एचआईएल फ्रेंचाइजी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जिसमें उन्हें प्रतियोगिता से जुड़ी चिंताओं से अवगत कराया गया।

सूत्र ने कहा, ‘‘खेल मंत्री ने सभी हितधारकों के साथ बैठक की और उन्हें एचआईएल से जुड़ी चिंताओं के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने हॉकी इंडिया के अधिकारियों को लीग की वित्तीय व्यावहारिकता और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए योजना पर काम करने का निर्देश दिया।’’

सूत्र ने कहा, ‘‘मंत्री ने हॉकी इंडिया से एचआईएल के पुनरुद्धार के लिए व्यापक योजना तैयार करने के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित करने को भी कहा। समिति में हॉकी इंडिया और फ्रेंचाइजी के दो-दो प्रतिनिधि तथा खेल मंत्रालय का एक वरिष्ठ अधिकारी शामिल होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मंत्री ने हितधारकों को प्राथमिकता के आधार पर लीग के संचालन मॉडल, वित्तीय मॉडल और ढांचे पर काम करने का निर्देश दिया। समिति को तय समय सीमा में अपनी रिपोर्ट मंत्रालय को सौंपने को कहा गया है।’’

बैठक में हैदराबाद तूफांस, वेदांता कलिंग लांसर्स, जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब, शाची बंगाल टाइगर्स, एएलपी पाइपर्स, जेके सीमेंट्स और नयी बेंगलुरु फ्रेंचाइजी के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

सात साल के अंतराल के बाद पिछले साल एचआईएल को फिर शुरू किया गया था लेकिन इसके बाद से लीग की वित्तीय स्थिरता और फ्रेंचाइजी की भागीदारी को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं जिससे इसके दीर्घकालिक भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं।

खेल सचिव और भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के महानिदेशक हरि रंजन राव, टॉप्स के सीईओ एनएस जौहल और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। बैठक करीब एक घंटे चली।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह और कोषाध्यक्ष शेखर जे मनोहरन बैठक में ऑनलाइन शामिल हुए जबकि आर के श्रीवास्तव की शक्तियां हाल में कम किए जाने के बाद रणजीत गिल ने कार्यवाहक महानिदेशक के रूप में बैठक में हिस्सा लिया।

यह बैठक हॉकी इंडिया के भीतर जारी सत्ता संघर्ष के बीच हुई है। अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी कर उन्हें महानिदेशक के अधिकारों का इस्तेमाल बंद करने का निर्देश दिया है।

हालांकि श्रीवास्तव ने सोमवार को मोहाली में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ एक आधिकारिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह और कार्यकारी बोर्ड के सदस्य आर पी सिंह भी मौजूद थे जहां 2026 पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की तारीखों और आयोजन स्थलों की घोषणा की गई।

भाषा मोना सुधीर नमिता

नमिता


लेखक के बारे में