मैक्सिको सिटी, छह जुलाई (एपी) अस्सी हजार से अधिक उत्साही समर्थकों के सामने खेलते हुए भी मैक्सिको घरेलू परिस्थतियों का फायदा उठाकर विश्व कप में सफर लंबा नहीं कर सका जबकि इस बार उसके लिये सुनहरा मौका था ।
इंग्लैंड ने मैक्सिको को 3 . 2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई ।
विश्व कप के पहले चार मैचों में एक भी गोल नहीं गंवाने वाली मैक्सिको की टीम उस लय को कायम नहीं रख पाई और जूड बेलिंगहम ने पहले हाफ में 98 सेकंड के भीतर दो गोल करके इंग्लैंड की पकड़ मजबूत कर दी ।
कोच जेवियर एगिरे ने कहा ,‘‘ सपने देखना और फिर उनको इस तरह टूटते देखना दुखद है । लेकिन खिलाड़ियों का सिर फख्र से ऊंचा होना चाहिये । उन्होंने मैदान पर अपना सब कुछ झोंक दिया । प्रशंसकों को काफी उम्मीदें थी लेकिन हम उन्हें जश्न मनाने का एक और मौका नहीं दे सके ।’’
चार साल पहले कतर में ग्रुप चरण से बाहर होने के बाद मैक्सिको से इस बार काफी उम्मीदें थी कि वह 1986 के बाद पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचेगा । उस समय भी मैक्सिको मेजबान था लेकिन तब से अब तक आठ बार अंतिम 16 से बाहर होता रहा है ।
एगिरे अब मैक्सिको के कोच के पद से इस्तीफा देंगे जिनकी जगह बार्सीलोना के पूर्व डिफेंडर रफेल मारकेज लेंगे ।
एगिरे ने कहा ,‘‘ ये पांच मैच यादगार रहे । मैं इतने साल पद पर रहने के बाद गर्व के साथ वापिस जा रहा हूं । ’’
मैक्सिको के प्रशंसक रामिरो काबालेरो ने कहा ,‘‘ मैं दुखी हूं कि हम जीत नहीं सके । इंग्लैंड अच्छा नहीं खेल रहा था और गोल पर सिर्फ पांच शॉट लगाये जिनमें से तीन पर गोल हुआ । अब हमें जीत के लिये चार साल और इंतजार करना होगा ।’’
एपी मोना सुधीर
सुधीर