लोकशाही को नादिरशाही में बदलने की कोशिश में मोदी सरकार: अशोक गहलोत
लोकशाही को नादिरशाही में बदलने की कोशिश में मोदी सरकार: अशोक गहलोत
जयपुर, 24 सितंबर (भाषा) निर्वाचन आयोग में मतभेद की खबरों के बीच राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि केंद्र की सत्तारूढ़ मोदी सरकार ‘‘लोकशाही को नादिरशाही में बदलने की कोशिश’’ में लगी हुई है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की इस मुद्दे पर नयी दिल्ली में आयोजित संवाददाता सम्मेलन का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा, “राहुल गांधी ने आज की प्रेस वार्ता में जो एक-एक लफ्ज बोला, वह करोड़ों देशवासियों की भावना है, जो भाजपा और (मुख्य निर्वाचन आयुक्त) ज्ञानेश कुमार की कारस्तानियों के कारण खुद को छला हुआ महसूस कर रहे हैं।”
कांग्रेस नेता ने कहा, “देश के संविधान ने भारतवासियों को वोट की ताकत दी थी, लेकिन मोदी सरकार लोकशाही को नादिरशाही में बदलने की कोशिशों में लगी हुई है।”
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जो बातें इतने वर्षों से कहते आ रहे हैं, अब वे एक-एक कर उजागर होने लगी हैं और इससे जनता के बीच भारी आक्रोश पैदा हो रहा है।
गहलोत ने आरोप लगाया, “एजेंसियों पर कब्जा, संस्थानों पर कब्जा और अब वोट पर कब्जा—भाजपा की नीयत और इरादे पूरी तरह उजागर हो चुके हैं। जब पूरा तंत्र और पूरी मशीनरी सत्ताधारी दल की जेब में हो, तब भी बिना डरे, बिना झुके, हर हमले और अपमान को सहते हुए जो एक आवाज लगातार इनकी पोल खोल रही है, वह राहुल गांधी की आवाज है।”
गहलोत ने सभी राजनीतिक दलों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा, “देश के सभी राजनीतिक दलों में जो भी लोग सचमुच लोकतंत्र के समर्थक हैं, अब समय आ गया है कि वे सब एक संकल्प लेकर राहुल गांधी का साथ दें और उनके हाथ मजबूत करें, ताकि इस लोकतंत्र की हत्यारी सरकार को हटाया जा सके।”
भाषा पृथ्वी खारी
खारी

Facebook


