नागल ने दो साल से ज्यादा समय बाद जीता अपना पहला चैलेंजर खिताब

नागल ने दो साल से ज्यादा समय बाद जीता अपना पहला चैलेंजर खिताब

नागल ने दो साल से ज्यादा समय बाद जीता अपना पहला चैलेंजर खिताब
Modified Date: June 28, 2026 / 02:12 pm IST
Published Date: June 28, 2026 2:12 pm IST

नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) भारतीय टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल ने रोमानिया के टार्गु मुरेस में खेले गए इंटारो ओपन क्ले कोर्ट टूर्नामेंट के फाइनल में फ्रांस के क्वालीफायर फेलिक्स बालशॉ को 6-3, 7-5 से हराकर दो साल से ज्यादा समय में अपना पहला एटीपी चैलेंजर खिताब जीता।

शनिवार को मिली इस जीत के साथ ही चैलेंजर स्तर पर नागल का खिताबी सूखा भी खत्म हो गया। इससे पहले उन्होंने जून 2024 में जर्मनी में हेलब्रॉन चैलेंजर जीता था।

यह इस 28 वर्षीय खिलाड़ी का कुल सातवां एटीपी चैलेंजर एकल खिताब था और क्ले कोर्ट पर यह उनकी पांचवीं ट्रॉफी थी जो इस कोर्ट के प्रति उनके लगाव को दर्शाती है।

नागल खराब दौर के बाद अपनी रैंकिंग को फिर से बेहतर करने की कोशिश कर रहे हैं और इस खिताब से उन्होंने 75 एटीपी रैंकिंग अंक हासिल किए।

उम्मीद है कि नयी रैंकिंग जारी होने पर वह दुनिया में लगभग 219वें नंबर पर पहुंच जाएंगे। उन्हें अपनी इस कामयाबी के लिए 15,510 यूरो की पुरस्कार राशि भी मिली।

भारतीय खिलाड़ी ने बेसलाइन से शानदार खेल दिखाते हुए पहला सेट अपने नाम किया, लेकिन दूसरे सेट में उन्हें कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा क्योंकि बालशॉ मुकाबले में बने हुए थे।

हालांकि नागल ने मैच के आखिरी पलों में संयम बनाए रखा और सीधे सेटों में जीत हासिल की।

यह खिताब नागल के लिए सही समय पर आया है क्योंकि इससे उनका मनोबल बढ़ेगा। दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों में अपनी जगह फिर से बनाने की कोशिश में जुटे नागल ने इस सत्र का अधिकतर समय चैलेंजर सर्किट पर खेलते हुए बिताया है।

इस टूर्नामेंट से पहले उन्होंने 13 चैलेंजर टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था और दूसरे दौर से आगे बढ़ने के लिए संघर्ष कर रहे थे।

इस ट्रॉफी से पहले उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन मोल्दोवा में चिसिनाउ टूर्नामेंट में क्वार्टर फाइनल तक जगह बनाना रहा था।

भाषा नमिता पंत

पंत


लेखक के बारे में