राष्ट्रीय महिला हॉकी चैम्पियनशिप से होगा भारतीय टीम के संभावित खिलाड़ियों का चयन: हॉकी इंडिया
राष्ट्रीय महिला हॉकी चैम्पियनशिप से होगा भारतीय टीम के संभावित खिलाड़ियों का चयन: हॉकी इंडिया
नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने बुधवार को कहा कि पुणे में 13 मार्च से होने वाली महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप भारतीय टीम के मुख्य संभावित खिलाड़ियों के नये समूह को चुनने के मंच का भी काम करेगा।
राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 13 से 23 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम को पिछले कुछ महीनों में बेहद खराब प्रदर्शन का सामना करना पड़ा है। टीम इस साल होने वाले पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने में विफल रही।
हॉकी इंडिया की प्रेस विज्ञप्ति में टिर्की ने कहा, ‘‘ राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में 28 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की भागीदारी होगी, जिसमें भारतीय टीम के सदस्य अपने-अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व करेंगे। हॉकी इंडिया के चयनकर्ता सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर बारीकी से नजर रखेंगे और उनकी सिफारिश के आधार पर एक नया कोर ग्रुप बनाया जाएगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ कोर समूह में जगह बनाने के लिए हर खिलाड़ी को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। हमें अभी से एफआईएच महिला विश्व कप (2026) और लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए तैयारी शुरू करनी होगी।’’
भाषा आनन्द पंत
पंत

Facebook


