अगले कुछ महीने में एनडीटीएल की समीक्षा होगी : वाडा अध्यक्ष

अगले कुछ महीने में एनडीटीएल की समीक्षा होगी : वाडा अध्यक्ष

अगले कुछ महीने में एनडीटीएल की समीक्षा होगी : वाडा अध्यक्ष
Modified Date: April 16, 2026 / 04:11 pm IST
Published Date: April 16, 2026 4:11 pm IST

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) विश्व डोपिंग निरोधक एजेंसी (वाडा) के अध्यक्ष विटोल्ड बांका ने बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्रीय डोप टेस्टिंग लेबोरेटरी (एनडीटीएल) की अगले कुछ महीने में समीक्षा की जायेगी जिसे नाडा ने नियमित प्रक्रिया बताया ।

वैश्विक डोपिंग रोधी खुफिया और जांच नेटवर्क की आखिरी कांफ्रेंस के बाद यहां प्रेस कांफ्रेंस में उनसे पूछा गया था कि क्या एनडीटीएल के प्रदर्शन की समीक्षा होगी ।

इस पर उन्होंने कहा ,‘‘ भारत में नतीजों की समीक्षा अगले कुछ महीने में की जायेगी ।’

1990 में स्थापित नाडा दुनिया भर में वाडा द्वारा मान्यता प्राप्त 29 लेबोरेटरी में से है । एशिया में इसके अलावा चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, कतर और थाईलैंड में लैब हैं ।

भारत में नमूनों की जांच के अलावा एनडीटीएल में श्रीलंका और पाकिस्तान जैसे दक्षिण एशियाई देशों से आने वाले नमूनों की भी जांच होती है ।

नाडा के एक सूत्र ने हालांकि पीटीआई से कहा कि वाडा नियमित तौर पर लैब की समीक्षा करता है और इसमें कुछ नया नहीं है ।

सूत्र ने कहा ,‘‘ एनडीटीएल को वाडा से मान्यता मिली है और लैब के प्रदर्शन की समीक्षा नियमित प्रक्रिया है । वाडा यह करता रहता है ।’’

वाडा के अधिकारियों के दौरे के बाद हालांकि एनडीटीएल को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नहीं पाये जाने पर 2019 से 2021 तक निलंबित कर दिया गया था ।

बांका ने हालांकि इस सप्ताह की शुरूआत में लैब का दौरा करके संतोष जताया था ।

उन्होंने बातचीत में यह भी बताया कि भारत वाडा वैश्विक शिक्षा कांफ्रेंस की मेजबानी का भी इच्छुक है । अब तक चार बार हो चुकी इस कांफ्रेंस का पिछला सत्र 2024 में फ्रांस में हुआ था ।

भाषा मोना नमिता

नमिता


लेखक के बारे में