महात्रे के विकल्प पर अभी कोई विचार नहीं, धोनी खुद और मेडिकल स्टाफ के संतुष्ट होने पर खेलेंगे: सिमंस

महात्रे के विकल्प पर अभी कोई विचार नहीं, धोनी खुद और मेडिकल स्टाफ के संतुष्ट होने पर खेलेंगे: सिमंस

महात्रे के विकल्प पर अभी कोई विचार नहीं, धोनी खुद और मेडिकल स्टाफ के संतुष्ट होने पर खेलेंगे: सिमंस
Modified Date: April 22, 2026 / 09:18 pm IST
Published Date: April 22, 2026 9:18 pm IST

मुंबई, 22 अप्रैल (भाषा) चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने बुधवार को कहा कि टीम ने अभी आयुष महात्रे के विकल्प को लेकर कोई फैसला नहीं किया है, जबकि दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी की उपलब्धता फिटनेस को लेकर मेडिकल स्टाफ और खुद उनकी संतुष्टि पर निर्भर करेगी।

आईपीएल में शानदार लय में चल रहे महात्रे के चोटिल होने के कारण बाहर होने से सीएसके को बड़ा झटका लगा है। सिमंस ने कहा कि फ्रेंचाइज़ी फिलहाल उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

सिमंस ने बृहस्पतिवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ‘‘हमारे पास अभी किसी विकल्प को लेकर कोई तत्काल योजना नहीं है।’’

उन्होंने कहा, “हमारे दल में जो खिलाड़ी हैं, उनके साथ अभी काफी समय है कि बाद में रिप्लेसमेंट पर विचार किया जा सके। लेकिन फिलहाल हम अपने उपलब्ध संसाधनों के साथ ही टीम तैयार करेंगे।”

पूर्व कप्तान धोनी ने मंगलवार को अभ्यास सत्र में भाग लिया और बुधवार को नेट सत्र में तेज गेंदबाजों और थ्रोडाउन विशेषज्ञों के खिलाफ काफी समय बिताया, लेकिन यह अभी स्पष्ट नहीं है कि वह मुकाबले के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं।

सिमंस ने कहा, ‘‘एमएस के बारे में हमें कल पता चलेगा। यह फैसला तब लिया जाएगा जब वह खुद और मेडिकल स्टाफ पूरी तरह संतुष्ट होंगे कि वह खेलने के लिए तैयार हैं।’’

सिमंस ने पुष्टि की कि स्पेंसर जॉनसन टीम से जुड़ चुके हैं, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि ऑस्ट्रेलिया का तेज गेंदबाज कब तक उपलब्ध होगा।

उन्होंने मुंबई इंडियंस के तिलक वर्मा का उदाहरण देते हुए भरोसा जताया कि सीएसके कप्तान रुतुराज गायकवाड़ भी लय हासिल कर लेंगे। गायकवाड़ के नाम छह मैचों में केवल 82 रन हैं।

तिलक ने हाल ही में शतक लगाकर फॉर्म में वापसी की।

सिमंस ने कहा, ‘‘वह (तिलक) संघर्ष कर रहे थे, है ना? और फिर उन्होंने एक शानदार पारी खेली। उन्होंने उस पारी के 14वें ओवर के बाद 82 रन बनाए। उस समय वह 22 गेंदों में 19 रन पर थे और किसी को उनकी काबिलियत पर संदेह नहीं था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम रुतु पर बिल्कुल संदेह नहीं करते और वह भी खुद पर भरोसा रखते हैं। हमारे लिए यह सिर्फ उस पल की बात है जब वह लय हासिल कर लें। यह शायद कोई शॉट या कोई ऐसा पल होगा जो उन्हें इस दौर से उबरने में मदद करेगा।’’

भाषा

आनन्द सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में