जयपुर, एक मई (भाषा) राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने कहा कि मैदान से बाहर की दो घटनाओं के लिए कप्तान रियान पराग और सहयोगी स्टाफ के एक सदस्य पर लगाए गए जुर्माने से टीम की छवि पर बुरा असर पड़ता है।
पराग पर पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान गुरुवार को ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट का सेवन करने के लिए उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। उन्हें खेल की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का दोषी पाया गया।
इससे पहले टीम मैनेजर रोमी भिंडर पर डगआउट में फोन के इस्तेमाल से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने के लिए एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच से पहले संगकारा ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इससे निश्चित रूप से टीम पर सकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता है, फिर चाहे वह किसी भी तरह का विवाद हो।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं बस इतना ही कह सकता हूं कि बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) और फ्रेंचाइजी ने दोनों ही मामलों पर ध्यान दिया है। जहां तक संस्कृति की बात है, हम हमेशा सकारात्मक और स्वस्थ संस्कृति बनाए रखने की कोशिश करते हैं। हमारे अपने मूल्य हैं जिनका हम पालन करते हैं। खिलाड़ियों को लगातार याद दिलाया जाता है कि वे फ्रेंचाइजी और हमारी संस्कृति और मूल्यों के प्रति जिम्मेदार रहें।’’
बीसीसीआई ने गुरुवार को बयान जारी करके कहा था कि पराग को दंडित करने के बाद वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने पर विचार कर रहा है।
पराग को इस सत्र के लिए राजस्थान रॉयल्स का कप्तान नियुक्त किया गया है लेकिन वह अभी तक बल्लेबाजी में खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, लेकिन संगकारा ने उनका बचाव किया।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उन्होंने कप्तान के तौर पर बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। पिछले मैच में उनकी छोटी पारी से टीम को काफी मदद मिली। रियान से मैं इसी तरह की प्रभावशाली पारियां देखना चाहता हूं। उनके बल्लेबाजी कौशल पर हमें किसी तरह का कोई संदेह नहीं है।’’
भाषा
पंत
पंत