हमारे युवा भारतीय बल्लेबाज विशेष प्रतिभा के धनी: पोंटिंग
हमारे युवा भारतीय बल्लेबाज विशेष प्रतिभा के धनी: पोंटिंग
चेन्नई, चार अप्रैल (भाषा) पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने टीम में शामिल भारतीय खिलाड़ियों को विशेष प्रतिभा का धनी करार देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य इन खिलाड़ियों को लेकर टीम को नए सिरे से तैयार करना था।
पंजाब किंग्स ने मेगा नीलामी से पहले केवल प्रभसिमरन सिंह और शशांक सिंह को ही अपनी टीम में बनाए रखा था। वह 110.5 करोड़ रुपये के भारी बजट के साथ नीलामी में उतरी थी तथा उसने श्रेयस अय्यर, युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ियों को मोटी कीमत पर अपनी टीम से जोड़ा था।
पोंटिंग ने ‘जियो हॉटस्टार’ से कहा, ‘‘हमारे युवा भारतीय खिलाड़ी विशेषकर शीर्ष क्रम के बल्लेबाज विशेष प्रतिभा के धनी हैं। उनके साथ ऑस्ट्रेलिया के कुछ खिलाड़ियों को लेकर टीम तैयार करने के लिए नीलामी (2024) से पहले हमारी स्पष्ट रणनीति थी कि हम इस पूरी टीम को नए सिरे से तैयार करेंगे, एक फ्रेंचाइजी के रूप में बदलाव लाएंगे और अलग पहचान बनाएंगे।’’
युवा सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 11 गेंद पर 39 रन की तूफानी पारी खेली थी और इस तरह से उन्होंने पोंटिंग के शब्दों को सही साबित कर दिया।
पोंटिंग ने कहा, ‘‘प्रभसिमरन और शशांक को ही रिटेन करने से मुझे उन खिलाड़ियों को चुनने का मौका मिला जिनके साथ मैं काम करना चाहता था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘श्रेयस निश्चित तौर पर सूची में पहले नंबर पर थे। लेकिन अर्शदीप और युजी (चहल) जैसे शानदार भारतीय खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करना वास्तव में महत्वपूर्ण था।’’
चहल ने बीच के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने चेन्नई के खिलाफ तीन ओवर में 21 रन देकर एक विकेट लिया। पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह उनके प्रदर्शन से काफी प्रभावित नजर आए।
हरभजन ने कहा, ‘‘चहल लंबे कद के नहीं है और वह इसका फायदा उठाकर गेंद को अधिक फ्लाइट देते हैं। गेंद को आप जितनी अधिक फ्लाइट देंगे उतना ही वह टर्न लेगी। इस तरह की गेंद पर बल्लेबाजों को लगता है कि गेंद उनकी तरफ आ रही है लेकिन वास्तव में ऐसा होता नहीं है और गेंद उनसे काफी दूर रहती है।’’
अनुभवी लेग-स्पिनर चहल ने कुछ दिन पहले गुजरात टाइटन्स के खिलाफ भी दो विकेट लिए थे, जिसमें उन्होंने अपने चार ओवरों में केवल 28 रन दिए थे।
हरभजन ने कहा, ‘‘यह (लेग स्पिन) पारंपरिक स्पिन गेंदबाजी है, जो डायनासोर की तरह लुप्त होती जा रही है। इस तरह के गेंदबाज अब कुछ ही बचे हैं। कुलदीप (यादव) हैं, चहल हैं। बाकी सब खुद को स्पिनर कहते हैं, लेकिन वे अन्य स्पिनरों की तरह गेंदबाजी नहीं करते, वे बस गेंद को अधिक गति देते हैं।’’
भाषा
पंत नमिता
नमिता

Facebook


