पैरा तीरंदाजी विश्व सीरीज: भावना ने रिकर्व में जीता स्वर्ण, शीतल के नाम तीन पदक

पैरा तीरंदाजी विश्व सीरीज: भावना ने रिकर्व में जीता स्वर्ण, शीतल के नाम तीन पदक

पैरा तीरंदाजी विश्व सीरीज: भावना ने रिकर्व में जीता स्वर्ण, शीतल के नाम तीन पदक
Modified Date: July 4, 2026 / 08:19 pm IST
Published Date: July 4, 2026 8:19 pm IST

नोवे मेस्तो (चेक गणराज्य), चार जुलाई (भाषा) विश्व पैरा तीरंदाजी सीरीज में भावना ने नाटकीय अंदाज में महिला रिकर्व खिताब जीता तो वहीं मौजूदा विश्व चैंपियन शीतल देवी ने तीन पदकों के साथ अपने अभियान को समाप्त कर शनिवार के दिन को भारत के लिए खास बना दिया।

भावना ने रोमांचक मुकाबले में हमवतन पूजा को शूट-ऑफ में 6-5 (9-8) से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

भावना शुरूआत में 0-4 से पिछड़ गई थीं। उन्होंने पहले दो सेट 20-25 और 20-23 से गंवा दिए, लेकिन तीसरे सेट में लगातार सटीक निशाने लगाते हुए 25-24 से जीत दर्ज की। चौथा सेट 26-26 से बराबर रहा, जिससे वह 3-5 से पीछे रहीं। इसके बाद निर्णायक पांचवें सेट में भावना ने बिना कोई गलती किये 29-23 से जीत हासिल की और मुकाबला शूट-ऑफ तक पहुंचा दिया। शूट-ऑफ में उन्होंने 9-8 से स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

पुरुष रिकर्व वर्ग में पेरिस पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता हरविंदर सिंह को फाइनल में इटली के स्टेफानो ट्राविसानी के हाथों 4-6 से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

महिला कंपाउंड वर्ग के फाइनल में बिना बाजुओं की विश्व चैंपियन और पेरिस पैरालंपिक कांस्य पदक विजेता शीतल देवी को ब्रिटेन की ग्रिनहैम ने 143-141 से हराकर स्वर्ण पदक से वंचित कर दिया। ग्रिनहैम ने शुरुआत से बढ़त बनाए रखी और अंत तक उसे कायम रखा।

शीतल देवी ने हालांकि इससे पहले श्याम सुंदर स्वामी के साथ मिलकर मिश्रित टीम कंपाउंड स्पर्धा में इंडोनेशिया की थियोदोरा ऑडी आयुदिया फेरेल्ली और केन स्वागुमिलांग की जोड़ी को 147-143 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। मध्यांतर तक भारतीय जोड़ी 72-73 से पीछे थी, लेकिन शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारत ने पुरुष और महिला कंपाउंड टीम स्पर्धाओं में भी कांस्य पदक हासिल किए। तोमन कुमार और श्याम सुंदर स्वामी ने फ्रांस की मैक्सिम गुएरिन और थिएरी जुसोम की जोड़ी को 150-148 से हराया। वहीं शीतल देवी और पायल नाग ने स्लोवाकिया की डोमिनिका पेट्रोविकोवा और लिलियाना लाकोवा को 140-139 से मात देकर कांस्य पदक जीता।

इससे पहले पुरुष कंपाउंड व्यक्तिगत कांस्य पदक मुकाबले में तोमन कुमार ब्रिटेन के नाथन मैकक्वीन से 136-144 से हार के साथ ही पदक जीतने से चूक गए।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में