इंग्लैंड के खिलाफ काफी खेल चुके, अब विभिन्न हालात में खेलने के लिए तैयार हैं : श्रीलंकाई कोच श्रीधर
इंग्लैंड के खिलाफ काफी खेल चुके, अब विभिन्न हालात में खेलने के लिए तैयार हैं : श्रीलंकाई कोच श्रीधर
पाल्लेकल (श्रीलंका), 21 फरवरी (भाषा) क्षेत्ररक्षण कोच आर श्रीधर ने शनिवार को कहा कि श्रीलंका टी20 विश्व कप से पहले इंग्लैंड से मिली 0-3 की हार को पीछे छोड़ चुका है और उनका मानना है कि उनकी टीम अब रविवार को यहां उनके खिलाफ सुपर आठ के मैच में अलग हालात में खेलने के लिए अच्छी तरह से तैयार है।
इंग्लैंड ने मौजूदा टी20 विश्व कप शुरू होने से ठीक सात दिन पहले तीन मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में श्रीलंका को बुरी तरह हराया था लेकिन श्रीधर ने कहा कि हैरी ब्रूक की टीम का प्रदर्शन इस मुकाबले में मायने नहीं रखेगा।
श्रीधर ने मैच से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘इस टूर्नामेंट के इस चरण पर यह मुकाबला द्विपक्षीय श्रृंखला से बहुत अलग है। मेरा मतलब है कि द्विपक्षीय श्रृंखला और निजी लीग में विश्व कप सुपर आठ मैच जितना दबाव नहीं होता। और यह सभी टीमों के लिए है। चाहे वह इंग्लैंड हो, चाहे श्रीलंका हो या चाहे भारत हो या पाकिस्तान। कोई भी टीम हो। जब आप सुपर आठ मैच खेल रहे होते हैं तो आप उतनी स्वतंत्रता से से नहीं खेलेंगे जितना आप द्विपक्षीय या निजी लीग में खेलते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए दबाव दोनों टीमों पर एक जैसा होगा। जो टीमें दबाव में सही खेलती हैं, जो टीमें कम गलतियां करती हैं, उनके आगे बढ़ने की संभावना होती है। ’’
भारत के पूर्व क्षेत्ररक्षण कोच ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला से काफी सकारात्मक चीजें भी सीखीं।
उन्होंने कहा, ‘‘पहले मैच में हम 130 रन के आस-पास रन पर आउट हो गए थे। लेकिन इससे सीख लेते हुए हमने अगले मैच में शायद 180-190 का स्कोर बनाया। तो इससे यही सीख ली। लेकिन अब हमारे गेंदबाज वो नहीं हैं। वानिंदु हसारंगा चोटिल हैं। मथीशा पाथिराना चोटिल हैं। इसलिए हमारा गेंदबाजी आक्रमण थोड़ा कमजोर है। लेकिन हमने सबक सीखे हैं। ’’
श्रीधर ने कहा कि उनके गेंदबाजों को इंग्लैंड के आक्रामक बल्लेबाजी लाइन अप को रोकने के लिए योजनाओं का कार्यान्वयन करना होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इंग्लैंड की टीम दुनिय की सर्वश्रेष्ठ टीम में से एक है। उनके पास कुछ बेहतरीन ‘पावरहिटर’ हैं। इसलिए हम गेंदबाजों पर निर्भर रहेंगे कि वे रणनीति का स्पष्टता से कार्यान्वयन करें। ऐसा भी समय आएगा जब आपकी गेंद पर छक्का या चौका लेगा। लेकिन आपको वापसी करने की कोशिश करनी होगी और ‘डॉट बॉल’ फेंकने का प्रयास करना होगा। ’’
भाषा नमिता मोना
मोना

Facebook


