अंडर-18 एशिया कप में भारतीय हॉकी टीमों की सफलता पर पीएम मोदी ने दी बधाई
अंडर-18 एशिया कप में भारतीय हॉकी टीमों की सफलता पर पीएम मोदी ने दी बधाई
नयी दिल्ली, छह जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय टीम को पुरुष अंडर-18 एशिया कप जीतने और भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम को इसी टूर्नामेंट में कांस्य पदक हासिल करने पर बधाई दी।
भारतीय पुरुष अंडर-18 टीम ने काकामिगाहारा में शनिवार को खेले गए फाइनल में मेजबान जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “हमारे युवा हॉकी खिलाड़ियों की यह शानदार उपलब्धि है। पुरुष अंडर-18 एशिया कप 2026 जीतने पर भारतीय हॉकी टीम को बधाई।”
उन्होंने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन कौशल और शानदार टीमवर्क का प्रदर्शन किया, जिसका समापन फाइनल में यादगार जीत के साथ हुआ।
प्रधानमंत्री ने कहा, “यह सफलता युवाओं के बीच हॉकी की बढ़ती लोकप्रियता को भी दर्शाती है। टीम के उज्ज्वल भविष्य के लिए मेरी शुभकामनाएं हैं।”
मोदी ने एक अन्य संदेश में महिला अंडर-18 टीम को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी।
उन्होंने कहा, “अंडर-18 एशिया कप 2026 में कांस्य पदक जीतने पर भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम को बधाई।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार जुझारूपन दिखाया। यह उपलब्धि भारत में महिला हॉकी की बढ़ती ताकत और खिलाड़ियों की अपार क्षमता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा, “टीम को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं।”
भारतीय पुरुष टीम ने शुक्रवार को खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
भारतीय महिला टीम ने शनिवार को तीसरे स्थान के मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 3-0 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


