रजाउल्लाह के छक्कों से पाकिस्तान का पलटवार, इंग्लैंड के खिलाफ रोमांचक मोड़ पर टेस्ट
रजाउल्लाह के छक्कों से पाकिस्तान का पलटवार, इंग्लैंड के खिलाफ रोमांचक मोड़ पर टेस्ट
बर्मिंघम, 11 सितंबर (एपी) पदार्पण कर रहे नौवें नंबर के बल्लेबाज रजाउल्लाह खान (81) की सनसनीखेज छक्कों की बारिश ने शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में पाकिस्तान के असाधारण पलटवार को यादगार बना दिया।
रजाउल्लाह ने 63 गेंद की अपनी पारी में नौ छक्के और चार चौके जड़े जिससे पहली पारी में 320 रन से पिछड़ने के बाद पाकिस्तान ने दूसरी पारी में 449 रन बनाये।
पाकिस्तान से उम्मीद थी कि वह श्रृंखला के पहले दो टेस्ट की तरह तीसरे और अंतिम टेस्ट के तीसरे दिन भी इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के सामने ढेर हो जाएगा। मेजबान टीम के गेंदबाज इस शृंखला में अब तक कमजोर नजर आए पाकिस्तानी बल्लेबाजी क्रम पर हावी रहे थे।
पाकिस्तान ने दूसरी पारी में आखिरकार बल्ले से दम दिखाया और दिन के आखिरी ओवर में 449 रन पर आउट होकर 129 रन की बढ़त हासिल कर ली। इस पलटवार ने मैच को ऐसे रोमांचक मोड़ पर पहुंचा दिया, जहां चौथे दिन का खेल किसी ने शायद ही सोचा था।
इंग्लैंड को अब शनिवार को जीत के लिए 130 रन बनाने होंगे। ऐसा करने पर वह 2024 में इसी मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ हासिल की गई जीत के बाद पहली बार तीन टेस्ट की श्रृंखला में क्लीन स्वीप पूरा करेगा।
पाकिस्तान की वापसी में शान मसूद (95), कप्तान बाबर आजम (76) और सलामी बल्लेबाज अजान अवैस (59) के जुझारू अर्धशतकों की अहम भूमिका रही। पहली पारी में 320 रन से पिछड़ने वाली पाकिस्तानी टीम ने इन तीनों की पारियों के दम पर घाटा लगभग पूरा कर लिया।
इसके बाद नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए रजाउल्लाह और दसवें नंबर के बल्लेबाज मोहम्मद अब्बास (42) ने दिन के आखिरी दौर में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को बढ़त दिला दी। दोनों ने 10वें विकेट के लिए 123 गेंद में 121 रन की साझेदारी की।
इंग्लैंड की ओर से गस एटकिंसन ने तीन विकेट लिए, जबकि ओली रॉबिन्सन, जोश टंग और डैन लॉरेंस को दो-दो सफलताएं मिलीं।
पाकिस्तान ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 52 रन से की थी। टीम ने मैच के दूसरे दिन बिना खाता खोले अपने दोनों शुरुआती विकेट गंवा दिए थे।
मसूद ने अवैस के साथ तीसरे विकेट के लिए 125 रन और बाबर आजम के साथ चौथे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी की। इसके बाद बाबर ने सऊद शकील (29) के साथ पांचवें विकेट के लिए 64 रन जोड़े। इन साझेदारियों के दम पर पाकिस्तान ने इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने इस श्रृंखला में पहली बार मजबूत जज्बा दिखाया।
एपी आनन्द
आनन्द

Facebook


