साक्षी पाडेकर अपने सीनियर विश्व कप पदार्पण में सातवें स्थान पर रहीं

Ads

साक्षी पाडेकर अपने सीनियर विश्व कप पदार्पण में सातवें स्थान पर रहीं

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 08:49 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 08:49 PM IST

म्यूनिख, 28 मई (भाषा) भारतीय निशानेबाज साक्षी पाडेकर बृहस्पतिवार को यहां आईएसएसएफ विश्व कप के तीसरे दिन 10 मीटर एयर राइफल महिला फाइनल में सातवें स्थान पर रहीं।

महाराष्ट्र की 22 वर्षीय निशानेबाज साक्षी ने 635.1 का स्कोर बनाकर तीसरे स्थान से फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। वह केवल चीन की विश्व नंबर एक वांग जिफेई और दक्षिण कोरिया की पेरिस ओलंपिक चैंपियन ह्योजिन बान से पीछे थीं। लेकिन फाइनल में साक्षी सातवें स्थान पर रहीं।

सर्बिया की एंडेलिजा स्टेवानोविक अपना पहला सीनियर विश्व कप खेल रही थीं और उन्होंने एक कड़े मुकाबले में कुल 252.3 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। इस मुकाबले का फैसला आखिरी शॉट में हुआ।

जापान की नोबाटा मिसाकी ने भी अपना पहला सीनियर विश्व कप पदक हासिल किया और 252.0 अंक के साथ रजत पदक जीता।

वांग जिफेई ने 231.1 अंक के साथ कांस्य पदक जीता जबकि ओलंपिक चैंपियन बान चौथे स्थान पर रहीं।

इससे पहले दो अन्य भारतीय निशानेबाजों में इलावेनिल वलारिवन 632.1 के स्कोर के साथ 19वें स्थान पर रहीं जबकि आर्य बोरसे 627.6 के स्कोर के साथ 63वें स्थान पर रहीं।

रैंकिंग अंक के लिए मुक़ाबला कर रहे विदार्सा के विनोद (630.6) और तिलोत्तमा सेन (630.1) क्रमशः 27वें और 32वें स्थान पर रहे।

अन्य नतीजों में ओलंपियन अनीश भानवाला ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल के स्टेज एक को 18वें स्थान पर समाप्त किया और शीर्ष आठ में जगह बनाने की अपनी उम्मीद जीवंत रखी।

सीनियर स्तर पर अपना पदार्पण कर रहे सूरज शर्मा और उदयवीर सिद्धू के लिए शुक्रवार के फाइनल में जगह बनाना एक मुश्किल काम होगा।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर