दक्षिण अफ्रीका श्रृंखला टी20 विश्व कप की तैयारी के लिए शानदार मौका : हरमनप्रीत कौर

दक्षिण अफ्रीका श्रृंखला टी20 विश्व कप की तैयारी के लिए शानदार मौका : हरमनप्रीत कौर

दक्षिण अफ्रीका श्रृंखला टी20 विश्व कप की तैयारी के लिए शानदार मौका : हरमनप्रीत कौर
Modified Date: April 16, 2026 / 05:20 pm IST
Published Date: April 16, 2026 5:20 pm IST

डरबन, 16 अप्रैल (भाषा) भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टी20 विश्व कप से पहले सभी खिलाड़ियों को उचित मौका दिए जाने पर जोर देते हुए कहा कि उनकी टीम आत्मविश्वास से भरी है और शुक्रवार से यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का पूरा फायदा उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हरमनप्रीत ने यह भी कहा कि वनडे विश्व कप जीतने के बाद उनकी टीम आत्मविश्वास से भरी हुई है। भारत ने हाल में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखलाओं में जीत दर्ज की है।

भारतीय कप्तान ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले इंग्लैंड एवं वेल्स में 12 जून से पांच जुलाई तक होने वाले वैश्विक टूर्नामेंट से पहले उन्हें संयोजन को परखने और लय बनाने का मौका देंगे।

हरमनप्रीत ने श्रृंखला से पहले आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘हम इस मौके को बहुत गंभीरता से लेना चाहते हैं और यहां अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना चाहते हैं। विश्व कप से पहले यह हमारे लिए एकजुट होने और अच्छी तैयारी का शानदार मौका है। ’’

भारत ग्रुप ए में आस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड के साथ है।

हरमनप्रीत ने कहा कि पांच मैच की श्रृंखला में सभी खिलाड़ियों को मौका देना ही प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा, ‘‘ये मैच यह सनुश्चित करने के लिए काफी अहम हैं कि सभी खिलाड़ियों को बराबर मौके मिले ताकि हम विश्व कप के लिए जाने से पहले एक इकाई की तरह पूरी तरह तैयार रहें। साथ ही हम यहां जीत दर्ज करना चाहेंगे। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘वनडे विश्व कप के बाद टीम आत्मविश्वास से भरी हुई है। टीम अच्छी लय में हैं और विश्व कप से पहले हमारे लिए यह श्रृंखला काफी महत्वपूर्ण है। ’’

परिस्थितियों के बारे बात करते हुए हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘यहां का मौसम बिलकुल भारत की तरह है। अंतर सिर्फ पिच में है, लेकिन हम इसके आदि हो रह हैं और उम्मीद है कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे। ’’

टीम संयोजन पर उन्होंने संकेत दिया कि यह दक्षिण अफ्रीका के हालात को देखकर किया जाएगा, विशेषकर तेज गेंदबाजों के कई विकल्प की जरूरत को देखते हुए। उन्होंने साथ ही अनुभवी खिलाड़ी दीप्ति शर्मा की अगुआई वाले स्पिन आक्रमण पर भी पूरा भरोसा दिखाया।

भाषा नमिता मोना

मोना


लेखक के बारे में