खेलमंत्री ने भारत में एफवन की वापसी की चुनौतियों की समीक्षा के लिये कार्यबल का गठन किया

खेलमंत्री ने भारत में एफवन की वापसी की चुनौतियों की समीक्षा के लिये कार्यबल का गठन किया

खेलमंत्री ने भारत में एफवन की वापसी की चुनौतियों की समीक्षा के लिये कार्यबल का गठन किया
Modified Date: September 15, 2026 / 03:37 pm IST
Published Date: September 15, 2026 3:37 pm IST

नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को भारत में फॉर्मूला वन रेस की वापसी की दिशा में चुनौतियों की समीक्षा के लिये नीति आयोग के कार्यक्रम निदेशक और सलाहकार युगल किशोर जोशी की अध्यक्षता में एक कार्यबल का गठन किया है ।

दस सदस्यीय समिति में खेल मंत्रालय के संयुक्त सचिव कुणाल और भारतीय मोटर स्पोटर्स महासंघ के अध्यक्ष भी होंगे जो इस समय अरिंदम घोष हैं । महासंघ के चुनाव इस महीने के आखिर में होने हैं ।

कार्यबल में वाणिज्य और पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि भी होंगे । इसके अलावा उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सरकार के प्रतिनिधि, राजस्व विभाग के प्रतिनिधि , बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट और मद्रास इंटरनेशनल सर्किट के प्रतिनिधि, एफएमएससीआई द्वारा नामित तकनीकी विशेषज्ञ शामिल होंगे ।

खेलमंत्री मांडविया ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा ,‘‘ इस समिति का काम भारत में मोटस्पोर्ट के विकास के लिये व्यापक तरीके सुझाना और फॉर्मूला वन को फिर से यहां शुरू करने के लिये रोडमैप तैयार करना है ताकि हम 2028 में रेस की मेजबानी कर सकें ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ यह समिति एफवन की भारत में वापसी में आने वाली चुनौतियों का विस्तार से आकलन करेगी जिसमें कराधान का मसला भी शामिल है । यह मोटरस्पोर्ट के लिये व्यापक नीतिगत ढांचे पर भी सुझाव देगी जिसमें सार्वजनिक . निजी साझेदारी ( पीपीपीँ) मॉडल की संभावनायें शामिल हैं ।

खेलमंत्री ने जोशी और कुणाल के अलावा कार्यबल के बाकी सदस्यों के नाम का खुलासा नहीं किया ।

भारत में आखिरी बार 2013 में एफवन रेस हुई थी लेकिन उसके बाद ब्यूरोक्रेसी और करों से जुड़े मसलों के कारण इसका आयोजन नहीं हो सका ।

भाषा

मोना पंत

पंत


लेखक के बारे में