श्रीशंकर, सत्यनाथन ने राष्ट्रमंडल खेलों की लंबी कूद स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई

श्रीशंकर, सत्यनाथन ने राष्ट्रमंडल खेलों की लंबी कूद स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई

श्रीशंकर, सत्यनाथन ने राष्ट्रमंडल खेलों की लंबी कूद स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई
Modified Date: July 27, 2026 / 06:38 pm IST
Published Date: July 27, 2026 6:38 pm IST

ग्लास्गो, 27 जुलाई (भाषा) भारत के लंबी कूद के खिलाड़ी एम श्रीशंकर ने सोमवार को यहां क्वालीफाइंग स्तर पार करके राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में जगह बनाई जबकि लोकेश सत्यनाथन भी शीर्ष 12 में जगह बनाकर आगे बढ़ने में सफल रहे।

श्रीशंकर ने ग्रुप ए में अपने पहले ही प्रयास में 8.01 मीटर की दूरी तय करके सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। उनका सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8.38 मीटर है।

फाइनल के लिए क्वालीफाइंग स्तर आठ मीटर या सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कम से कम 12 खिलाड़ी थे।

सत्ताइस साल के श्रीशंकर ग्रुप ए से सीधे क्वालीफाई करने वाले एकमात्र खिलाड़ी रहे। इस ग्रुप से पांच अन्य खिलाड़ियों ने शीर्ष 12 में जगह बनाकर फाइनल में प्रवेश किया।

वर्ष 2022 में खेलों के पिछले सत्र में जीते रजत पदक को बेहतर करने की उम्मीद के साथ उतरे श्रीशंकर ने कहा कि हालात मुश्किल थे।

श्रीशंकर ने पीटीआई से कहा, ‘‘क्वालीफिकेशन काफी अच्छा रहा, सभी के लिए हालात मुश्किल थे। ठंड थी और हवा चल रही थी और बीच-बीच में बारिश भी हो रही थी लेकिन मैंने पहले ही प्रयास में क्वालीफिकेशन स्तर हासिल कर लिया इसलिए फाइनल के लिए बहुत उत्साहित हूं।’’

अप्रैल 2024 में घुटने की चोट से उबरने के बाद वह वापसी की राह पर हैं। उनका ‘पटेला टेंडन’ फट गया था और यह चोट उनके करियर के लिए खतरा बन गई थी। उनकी सर्जरी भी हुई थी। इस चोट की वजह से वह पेरिस ओलंपिक से चूक गए थे।

उन्होंने पिछले महीने ही भुवनेश्वर में राष्ट्रीय अंतर राज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपना सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।

ग्रुप बी में चुनौती पेश कर रहे सत्यनाथन ने अपने पहले ही प्रयास में 7.77 मीटर की दूरी तय की। वह ग्रुप बी में रेगन कोरिन (7.84 मीटर) के बाद चौथे स्थान पर रहे।

जमैका के तेजाय गेल (8.10 मीटर) और उरोय रेयान (8.04 मीटर) ने ग्रुप बी से सीधे फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल 29 जुलाई को होगा।

भाषा सुधीर मोना

मोना


लेखक के बारे में