टेबल टेनिस खिलाड़ी सिंड्रेला और पायस टॉप्स में शामिल
टेबल टेनिस खिलाड़ी सिंड्रेला और पायस टॉप्स में शामिल
नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) एशियाई खेलों के भारतीय टीम में चुनी गई युवा टेबल टेनिस खिलाड़ी सिंड्रेला दास और पायस जैन को खेल मंत्रालय के ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम’ (टॉप्स) के विकास समूह में शामिल किया गया है।
इसके अलावा सीनियर खिलाड़ी मनिका बत्रा के अगले महीने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए धनराशि के अनुरोध को भी मंजूरी दे दी गई है।
कोलकाता की रहने वाली 17 वर्षीय सिंड्रेला ने इस साल की शुरुआत में थाईलैंड में एशियाई युवा चैंपियनशिप में लड़कियों के युगल में रजत पदक और लड़कियों के एकल में कांस्य पदक जीता था।
घरेलू स्तर पर नहीं खेलने के कारण मनिका को एशियाई खेलों की टीम से बाहर कर दिया गया था। उन्हें सितंबर में बुल्गारिया और कजाकिस्तान में होने वाले डब्ल्यूटीटी कंटेंडर टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) से धनराशि मिलेगी।
एशियाई खेलों के लिए भारत की 10 सदस्यीय टेबल टेनिस टीम में सिंड्रेला, श्रीजा अकुला, दीया चितले, यशस्विनी घोरपड़े, सुतीर्था मुखर्जी, जी साथियान, मानुष शाह, मानव ठक्कर, हरमीत देसाई और पायस शामिल हैं।
भाषा
पंत
पंत

Facebook


