फेडरर और रॉडिक ने आर्थर ऐश स्टेडियम में पुरानी यादों को ताजा किया

फेडरर और रॉडिक ने आर्थर ऐश स्टेडियम में पुरानी यादों को ताजा किया

फेडरर और रॉडिक ने आर्थर ऐश स्टेडियम में पुरानी यादों को ताजा किया
Modified Date: August 26, 2026 / 10:16 am IST
Published Date: August 26, 2026 10:16 am IST

न्यूयॉर्क, 26 अगस्त (एपी) पांच बार के यूएस ओपन चैंपियन रोजर फेडरर ने मंगलवार की रात को आर्थर ऐश स्टेडियम में लंबे समय तक अपने प्रतिद्वंद्वी रहे और करीबी मित्र एंडी रॉडिक के खिलाफ प्रदर्शनी मैच खेल कर अपनी पुरानी यादों को ताजा किया।

इस मैच का प्रचार ‘एक दिग्गज की न्यूयॉर्क वापसी’ नाम से किया गया था। स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा था। प्रशंसक स्विट्जरलैंड के 45 वर्षीय खिलाड़ी फेडरर और जल्द ही 44 वर्षीय होने वाले अमेरिकी खिलाड़ी रॉडिक के बीच होने वाले इस प्रदर्शनी मैच को देखने आए थे।

कई दर्शकों ने फेडरर के लघुनाम ‘आरएफ’ के लोगो वाली टोपियां पहन रखी थीं, जो 20 बार के ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले फेडरर के डेढ़ दशक के वर्चस्व के दौरान खेल जगत में आम हो गई थीं।

फेडरर ने कहा, ‘‘न्यूयॉर्क में वापसी करके बहुत अच्छा लग रहा है। इस कोर्ट से, यहां के प्रशंसकों से और शहर से मेरी कई यादें जुड़ी हैं।’’

फेडरर ने 1998 में यूएस ओपन के जूनियर टूर्नामेंट में खेलने के लिए पहली बार न्यूयॉर्क आने और फाइनल में पहुंचने की यादें ताजा कीं। इसके तीन साल बाद सीनियर वर्ग में उनका सेंटर कोर्ट पर पहला मैच आंद्रे अगासी से था जिसमें उन्हें सीधे सेटों में हार का सामना करना पड़ा था।

फेडरर ने कहा, ‘‘उन्होंने मुझे 6-1, 6-2, 6-4 से करारी शिकस्त दी। मेरे पास कोई विकल्प नहीं था। मैंने सोचा, ‘ठीक है रोजर, यह इतना आसान नहीं था।’ लेकिन फिर भी मैं इस सेंटर कोर्ट को हमेशा याद रखूंगा।’’

इसके बाद 2005 में फेडरर ने अगासी को हराकर यूएस ओपन जीता। यह उनका 2008 तक लगातार पांच खिताबों में से दूसरा खिताब था।

फेडरर ने कहा, ‘‘आंद्रे के खिलाफ वह मैच बेहद खास था। एक ऐसे दिग्गज के खिलाफ खेलना जो अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर थे और हमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलने का मौका मिला। मैं यहां फाइनल में जिन भी खिलाड़ियों के खिलाफ खेला, वे सभी यूएस ओपन चैंपियन थे। यह एक अविश्वसनीय सफर रहा है। मुझे बहुत अच्छा लगा।’’

यहां 2003 में खिताब जीतने वाले रॉडिक ने अपनी वापसी का श्रेय प्रशंसकों और फेडरर को दिया।

रॉडिक ने कहा, ‘‘आखिरकार बात रोजर पर आकर टिकती है। ज़ाहिर है हमने कई मैच खेले और उन्होंने मुझे कई बार हराया, लेकिन हम अपने करियर के बीच में भी एक ऐसी दोस्ती बनाए रखने में कामयाब रहे जो अब तक कायम है और उम्मीद है कि हमेशा बनी रहेगी। बात बस इतनी सी है कि जब रोजर आपको बुलाए तो आपको आना ही पड़ेगा।’’

फेडरर ने आखिरी बार 2019 में यूएस ओपन में हिस्सा लिया था। उन्होंने रॉडिक के खिलाफ एक सेट का एकल मैच खेलने के बाद जॉन मैकनरो के साथ जोड़ी बनाकर रॉडिक और अगासी के खिलाफ प्रदर्शनी युगल मैच भी खेला।

एपी

पंत

पंत


लेखक के बारे में