कोरिया ओपन में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे तन्वी और श्रीकांत

कोरिया ओपन में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे तन्वी और श्रीकांत

कोरिया ओपन में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे तन्वी और श्रीकांत
Modified Date: August 3, 2026 / 04:35 pm IST
Published Date: August 3, 2026 4:35 pm IST

आसन (कोरिया), तीन अगस्त (भाषा) ताइपे ओपन की चैंपियन तन्वी शर्मा और पूरी तरह से फिट होकर लौटे किदांबी श्रीकांत मंगलवार से यहां शुरू हो रहे कोरिया मास्टर्स सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे।

पंजाब की 17 वर्षीय तन्वी ने रविवार को ताइपे ओपन के फाइनल में वियतनाम की छठी वरीयता प्राप्त थूई लिन्ह गुयेन को हराकर अपना पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीता।

इस उपलब्धि ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया है और अब कोरिया ओपन में उनके प्रदर्शन पर सभी की निगाह टिकी रहेगी। वह महिला एकल में क्वालीफायर के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

पुरुष एकल में तीसरे वरीय श्रीकांत पर नजर रहेगी जो फिटनेस समस्या के कारण कनाडा ओपन में नहीं खेल पाए थे। वह अब पूरी तरह से फिट हैं और इजरायल के डैनियल डुबोवेंको के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगे।

किरण जॉर्ज को पहले दौर में क्वालीफायर से मुकाबला करना है और प्री-क्वार्टर फाइनल में उनका सामना चीनी ताइपे के आठवें वरीय वांग पो-वेई से हो सकता है।

सानीत दयानंद का सामना जापान के शीर्ष वरीयता प्राप्त युदाई ओकिमोतो से जबकि रौनक चौहान का दक्षिण कोरिया के चौथे वरीय जियोन ह्योक जिन से होगा।

थारुन मन्नेपल्ली का सामना दक्षिण कोरिया के यू ताए बिन से, जबकि मिथुन मंजुनाथ का चीन के झू जुआन चेन से होगा।

महिला एकल में सातवीं वरीयता प्राप्त मालविका बंसोड़ को भी पहले दौर में क्वालीफायर का सामना करना है लेकिन तान्या हेमंत को जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त हिना अकेची की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा।

आकर्षी कश्यप का मुकाबला दक्षिण कोरिया की किम मिन जी से, जबकि श्रेयांशी वालिशेट्टी का चीनी ताइपे की पाइ यू पो से होगा। रक्षिता श्री संतोष रामराज और अश्मिता चालिहा दोनों क्वालीफायर के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।

आठवीं वरीयता प्राप्त अनमोल खरब का मुकाबला हांगकांग की लो सिन यान हैप्पी से और मानसी सिंह का सामना दक्षिण कोरिया की किम जू यून से होगा। पांचवीं वरीयता प्राप्त इशारानी बरुआ दक्षिण कोरिया की ली सो यूल से भिड़ेंगी।

महिला युगल में सोनाली सिंह और रितिका ठाकर का सामना क्वालीफायर से होगा, जबकि प्रिया कोंजेंगबम और श्रुति मिश्रा दूसरी वरीयता प्राप्त जापानी जोड़ी रिरीना हिरामोटो और कोकोना इशीकावा से भिड़ेंगी।

पुरुष युगल में कृष्णा प्रसाद गरगा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय पहले दौर में थाईलैंड के चालोम्पोन चारोएनकितामोर्न और वोर्रापोल थोंगसा का सामना करेंगे।

भार्गव राम अरिगेला और विश्व तेज गोब्बुरु का मुकाबला मलेशिया के आरोन चिया और आरोन ताई से होगा, जबकि अच्युतादित्य राव डोड्डावरपु और पोचना अर्जुन रेड्डी दक्षिण कोरिया के चोई सोल ग्यू और मलेशिया के गोह वी शेम की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।

मिश्रित युगल में छठी वरीयता प्राप्त ईशान भटनागर और श्रुति मिश्रा का सामना हमवतन सात्विक रेड्डी कनापुरम और राधिका शर्मा से होगा। ध्रुव रावत और मनीषा अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के लू बिंग कुन और नोराकिलाह मैसाराह के खिलाफ करेंगे।

भाषा पंत सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में