टीम इंडिया एईएसएफ पोकेमॉन यूनाईट स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रही
टीम इंडिया एईएसएफ पोकेमॉन यूनाईट स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रही
बैंकॉक, 22 जून (भाषा) भारत एईएसएफ से मान्यता प्राप्त पोकेमॉन यूनाईट एशिया अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए एशिया की 11 राष्ट्रीय टीमों के बीच उपविजेता रहा।
एशियाई इलेक्ट्रॉनिक खेल महासंघ (एईएसएफ) द्वारा मान्यता प्राप्त इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हांगकांग, जापान, दक्षिण कोरिया, इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलिपींस, सिंगापुर, भारत, कजाखस्तान, किर्गिस्तान और नेपाल की राष्ट्रीय टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतिभागी टीमों ने सबसे पहले 14 जून को ऑनलाइन क्वालीफिकेशन दौर में मुकाबला किया। टीम इंडिया अपने ग्रुप में शीर्ष पर रही और थाईलैंड के बैंकॉक में रविवार को हुए ग्रैंड फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
कप्तान अदनान मोहम्मद बादशाह की अगुवाई वाली भारतीय टीम में साईं कृष्णा नल्लूरी, दीपज्योति लक्ष्मण नाथ, रुद्र नारायण नायक, रूबेन गॉडफ्रे फर्नांडीस और दीपकुमार विपुलभाई पटेल शामिल थे।
भारतीय टीम ने पहले दौर में सिंगापुर पर 2-1 की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
इसके बाद भारत का सामना अपर ब्रैकेट सेमीफाइनल में जापान से हुआ लेकिन वे हार गए और लोअर ब्रैकेट में चले गए। टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए सिंगापुर को एक बार फिर हराया और फाइनल में जगह बनाई जिससे जापान के साथ दोबारा मुकाबला तय हुआ।
टूर्नामेंट में दूसरी बार जापान का सामना करते हुए भारत ने तीन गेम की ग्रैंड फाइनल सीरीज में कड़ी चुनौती पेश की लेकिन अंततः उन्हें उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
भाषा सुधीर
सुधीर

Facebook


