एशियाई खेलों के लिए तेजस्विन के नाम पर होगा विचार: एएफआई

एशियाई खेलों के लिए तेजस्विन के नाम पर होगा विचार: एएफआई

एशियाई खेलों के लिए तेजस्विन के नाम पर होगा विचार: एएफआई
Modified Date: June 23, 2026 / 07:36 pm IST
Published Date: June 23, 2026 7:36 pm IST

… फिलेम दीपक सिंह …

भुवनेश्वर, 23 जून (भाषा) राष्ट्रीय रिकॉर्डधारक डेकाथलॉन खिलाड़ी तेजस्विन शंकर के बुधवार से शुरू हो रही राष्ट्रीय अंतर-राज्य सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं लेने के बावजूद इस वर्ष होने वाले एशियाई खेलों में चयन के लिए उनके नाम पर विचार किया जाएगा। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के एक शीर्ष अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि उन्हें इस प्रतियोगिता से छूट दे दी है। तेजस्विन ने पिछले महीने रांची में आयोजित फेडरेशन कप में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर किया था। उन्हें 23 जुलाई से दो अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए घोषित 32 सदस्यीय भारतीय टीम में भी शामिल किया गया है। इसी कारण उन्होंने राष्ट्रीय अंतर-राज्य चैंपियनशिप से छूट मांगी थी, जिसे एएफआई ने स्वीकार कर लिया। एएफआई के योजना आयोग के अध्यक्ष ललित भनोट ने पीटीआई से कहा, ‘‘तेजस्विन ने लिखित रूप से छूट मांगी थी और हमने उसे मंजूरी दे दी है। उन्हें एशियाई खेलों के लिए चयन में शामिल किया जाएगा।’’ उन्होंने कहा , ‘‘ डेकाथलॉन बेहद कठिन स्पर्धा है, जिसमें 10 अलग-अलग प्रतियोगिताएं होती हैं। ऐसे में कोई खिलाड़ी एक महीने के भीतर दो बार इसमें हिस्सा नहीं ले सकता। पर्याप्त आराम नहीं मिलने पर चोट लगने का खतरा बढ़ जाता है।’’ तेजस्विन ने 2022 के हांगझोउ एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था। एएफआई ने पहले कहा था कि जापान के आइची-नागोया में सितंबर-अक्टूबर में होने वाले एशियाई खेलों के लिए राष्ट्रीय अंतर-राज्य चैंपियनशिप ही एकमात्र चयन ट्रायल होगी। भनोट ने कहा कि पुरुष 100 मीटर दौड़ के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी गुरिंदरवीर सिंह ने भी राष्ट्रीय अंतर-राज्य चैंपियनशिप से छूट मांगी है। एएफआई ने हालांकि अभी इस पर अंतिम फैसला नहीं लिया है। भनोट ने कहा, “गुरिंदरवीर का आवेदन हमारे पास है और इस पर जल्द निर्णय लिया जाएगा। एशियाई खेलों की टीम का चयन राष्ट्रीय अंतर-राज्य चैंपियनशिप के अंतिम दिन 28 जून को किया जाएगा। अंतिम फैसला चयन समिति ही करेगी।” पुरुष 100 मीटर के लिए एशियाई खेलों का क्वालीफिकेशन समय 10.16 सेकंड है। गुरिंदरवीर ने पिछले महीने फेडरेशन कप में 10.09 सेकंड का समय निकालकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। भनोट ने यह भी पुष्टि की कि 3000 मीटर स्टीपलचेज के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी अविनाश साबले पिछले वर्ष ‘एसीएल’ चोट के बाद अभी प्रतिस्पर्धा के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं। दो सौ मीटर दौड़ के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी अनिमेष कुजूर को लेकर यह आरोप लगाए गए थे कि छत्तीसगढ़ से ओडिशा का प्रतिनिधित्व करने के लिए उन्हें दिया गया अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) अब मान्य नहीं है लेकिन भनोट ने इस मुद्दे में कोई समस्या नहीं देखी। उन्होंने कहा, ‘‘किसी खिलाड़ी के एक राज्य से दूसरे राज्य में स्थानांतरण के लिए दोनों राज्यों की सहमति आवश्यक होती है। अगर कोई राज्य सहमत नहीं होता, तो खिलाड़ी एएफआई के समक्ष आवेदन कर सकता है और महासंघ इस पर निर्णय ले सकता है।’’ भाषा आनन्द सुधीरसुधीर


लेखक के बारे में