भारतीय फुटबॉल टीम न्यूजीलैंड के अपने पहले दौरे पर दो मैत्री मैच खेलेगी

भारतीय फुटबॉल टीम न्यूजीलैंड के अपने पहले दौरे पर दो मैत्री मैच खेलेगी

भारतीय फुटबॉल टीम न्यूजीलैंड के अपने पहले दौरे पर दो मैत्री मैच खेलेगी
Modified Date: July 11, 2026 / 06:27 pm IST
Published Date: July 11, 2026 6:27 pm IST

नयी दिल्ली, 11 जुलाई (भाषा) भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम इस वर्ष नवंबर में न्यूजीलैंड के अपने पहले दौरे पर मेजबान देश के खिलाफ फीफा अंतरराष्ट्रीय विंडो में 12 और 15 नवंबर को दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबले खेलेगी।

भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने शनिवार को इसकी घोषणा की।

यह 2005 में फिजी के खिलाफ दो मैत्री मैच खेलने के बाद पहला मौका होगा जब भारतीय टीम ओशिनिया फुटबॉल परिसंघ (ओएफसी) के किसी सदस्य देश का दौरा करेगी।

पहला मुकाबला ऑकलैंड के ‘गो मीडिया स्टेडियम’ में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच क्राइस्टचर्च के ‘वन न्यूजीलैंड स्टेडियम’ में आयोजित होगा।

इन मुकाबलों की घोषणा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की न्यूजीलैंड यात्रा के दौरान की गई। ये मैच दोनों देशों के बीच ‘खेलों के जरिए 100 वर्षों की एकता’ समारोह के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न खेल आयोजनों का हिस्सा होंगे।

भारत और न्यूजीलैंड अब तक दो बार आमने-सामने आ चुके हैं। पहला मुकाबला 1981 में मलेशिया में आयोजित मर्डेका टूर्नामेंट में गोलरहित ड्रॉ रहा था, जबकि दूसरा मैच 2018 के इंटरकॉन्टिनेंटल कप में मुंबई में खेला गया था, जिसमें न्यूजीलैंड ने भारत को 2-1 से हराया था।

न्यूजीलैंड की टीम हाल ही में फीफा विश्व कप 2026 में भी खेली थी, जहां उसने ईरान के खिलाफ ड्रॉ खेला, जबकि मिस्र और बेल्जियम से उसे हार का सामना करना पड़ा।

भारतीय टीम के मुख्य कोच खालिद जमील ने कहा, ‘‘शीर्ष स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने वाली टीमों के खिलाफ खेलना हमेशा सकारात्मक अनुभव होता है। न्यूजीलैंड एक मजबूत टीम है, जिसे हाल ही में फीफा विश्व कप खेलने का अनुभव भी है। उनके घरेलू मैदान पर खेलना हमारे खिलाड़ियों के लिए बड़ी चुनौती और सीखने का शानदार अवसर होगा। हम इन मुकाबलों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।’’

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में