आईआईएचएफ विश्व में तीन भारतीय आइस हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी

Ads

आईआईएचएफ विश्व में तीन भारतीय आइस हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी

  •  
  • Publish Date - May 29, 2026 / 02:15 PM IST,
    Updated On - May 29, 2026 / 02:15 PM IST

नयी दिल्ली, 29 मई (भाषा) भारतीय आइस हॉकी संघ (आईएचएआई) ने शुक्रवार को घोषणा की कि देश की आइस हॉकी टीमें अगले साल होने वाली आईआईएचएफ विश्व चैंपियनशिप में पुरुष, महिला और अंडर-20 लड़कों के वर्ग में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं।

जर्मनी 2027 में 14 से 30 मई तक आईआईएचएफ विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। भारत की तीनों टीमों को विश्व चैंपियनशिप के लिए डिवीजन 4 में रखा गया है। देश का एक ही समय में तीन राष्ट्रीय टीमों के साथ चैंपियनशिप में प्रवेश करना 2027 के चरण को भारतीय आइस हॉकी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बनाता है।

यह देश की आइस हॉकी यात्रा में सबसे बड़े मील के पत्थरों में से एक है।

भारत 1989 से अंतरराष्ट्रीय आइस हॉकी महासंघ (आईआईएचएफ) का पूर्ण सदस्य रहा है। भारतीय टीमों ने अतीत में अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय टूर्नामेंटों में भाग लिया है, लेकिन विश्व चैंपियनशिप पैमाने, संरचना और दीर्घकालिक प्रभाव के मामले में एक बड़ा मंच प्रस्तुत करती है।

यह विकास ऐसे समय में हुआ है जब भारत में आइस हॉकी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, राज्यों की भागीदारी, खिलाड़ियों के विकास की पहलों, कोचिंग सहायता और शीतकालीन खेलों के लिए बढ़ती दृश्यता के माध्यम से जोर पकड़ रही है।

देहरादून में हिमाद्री आइस रिंक (भारत का एकमात्र ओलंपिक आकार का इनडोर आइस रिंक) में आयोजित 2025 राष्ट्रीय आइस हॉकी चैंपियनशिप ने पुरुष, महिला और युवा वर्गों की टीमों को एक मंच पर इकट्ठा किया।

महिला टीम ने यूएई के अल ऐन में आयोजित 2025 आईआईएचएफ महिला एशिया कप में भारत का कांस्य पदक जीता जो इस खेल के हाल के सबसे मजबूत अंतरराष्ट्रीय परिणामों में से एक था।

भारतीय आइस हॉकी संघ के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह बख्शी ने एक बयान में कहा, ‘‘यह भारतीय आइस हॉकी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है और भारत में शीतकालीन खेलों के लिए एक गर्व का कदम है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी पुरुषों, महिलाओं और अंडर-20 लड़कों की टीमों का आईआईएचएफ विश्व चैंपियनशिप के सफर का हिस्सा बनना, इस खेल और उन खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है जो इस मंच पर भारत का झंडा बुलंद करेंगे। ’’

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द