त्रिसा-गायत्री की जोड़ी यूएस ओपन में आगे बढ़ी, रौनक ने मुख्य ड्र्रॉ में बनाई जगह

त्रिसा-गायत्री की जोड़ी यूएस ओपन में आगे बढ़ी, रौनक ने मुख्य ड्र्रॉ में बनाई जगह

त्रिसा-गायत्री की जोड़ी यूएस ओपन में आगे बढ़ी, रौनक ने मुख्य ड्र्रॉ में बनाई जगह
Modified Date: June 24, 2026 / 03:01 pm IST
Published Date: June 24, 2026 3:01 pm IST

फुलर्टन (अमेरिका) 24 जून (भाषा) त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद भारतीय महिला युगल जोड़ी ने अमेरिका ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में स्पेन की पाउला लोपेज और लुसिया रोड्रिगेज को तीन गेमों के कड़े मुकाबले में हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है।

टखने की चोट से उबरकर वापसी कर रहीं त्रीसा ने अपनी जोड़ीदार गायत्री के साथ मिलकर स्पेनी की जोड़ी को 21-12, 14-21, 21-13 से 51 मिनट तक चले पहले दौर के मुकाबले में पराजित किया।

यह भारतीय जोड़ी अब दूसरे दौर में जापान की सुमिरे नकादे और मियू ताकाहाशी से भिड़ेगी।

पुरुष एकल क्वालीफायर में रौनक चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुख्य ड्रॉ में जगह बना ली। उन्होंने पहले फ्रांस के एनोगाट रॉय को 21-19, 21-16 से हराया और फिर चीनी ताइपे के कुओ कुआन लिन को 13-21, 21-14, 21-10 से मात देकर आगे बढ़े।

चौहान के सामने अब शुरुआती दौर में हमवतन एस. शंकर मुथुसामी सुब्रमण्यम की चुनौती होगी।

त्रीसा और गायत्री ने मैच की शुरुआत मजबूत की और पहले गेम में 8-3 की बढ़त बना ली। स्पेन की जोड़ी ने वापसी की कोशिश करते हुए लगातार चार अंक हासिल कर अंतर को कम करने की कोशिश की लेकिन भारतीय जोड़ी ने फिर से दबदबा बनाते हुए 17-11 की बढ़त बनाई और गेम आसानी से जीत लिया।

दूसरे गेम में पाउला और लुसिया ने बेहतर खेल दिखाया और 11-7 की बढ़त बना ली। भारतीय जोड़ी ने उन्हें कड़ी चुनौती दी लेकिन स्पेन की जोड़ी मुकाबला बराबरी पर रखने में सफल रही।

निर्णायक तीसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने फिर से 11-6 की मजबूत बढ़त बढ़त हासिल कर ली। इस जोड़ी ने इसके बाद अपनी लय बनाए रखी और बिना ज्यादा परेशानी के मैच अपने नाम कर लिया।

पांचवीं वरीयता प्राप्त किदांबी श्रीकांत पुरुष एकल के पहले दौर में अपने ही देश के सनीथ दयानंद से भिड़ेंगे।

भारत की ओर से महिला एकल में भी मजबूत भागीदारी देखने को मिलेगी। इसमें रक्षिता श्री सन्तोष रामराज, श्रियंशी वालिसेट्टी, अनमोल खरब, देविका सिहाग, तान्या हेमंथ, आकर्षी कश्यप और तन्वी शर्मा हिस्सा लेंगी।

भाषा आनन्द मोना

मोना


लेखक के बारे में