यूसीआई ने विश्व साइकिल दिवस पर भारत में आयोजित कार्यक्रमों की शानदार सफलता की सराहना की
यूसीआई ने विश्व साइकिल दिवस पर भारत में आयोजित कार्यक्रमों की शानदार सफलता की सराहना की
नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) अंतरराष्ट्रीय साइकिलिंग संस्था (यूसीआई) ने विश्व साइकिल दिवस के मौके पर पूरे भारत में आयोजित कार्यक्रमों की शानदार सफलता की सराहना करते हुए कहा कि इस उपलब्धि का स्तर वास्तव में उल्लेखनीय रहा।
विश्व साइकिल दिवस तीन जून को मनाया गया था। इस मौके पर खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने नयी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व किया।
यूसीआई के अध्यक्ष डेविड लैपार्टिएंट ने विश्व साइकिल दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए भारतीय साइकिलिंग महासंघ (सीएफआई) को बधाई दी।
सीएफआई के महासचिव मनिंदर पाल सिंह को लिखे पत्र में लैपार्टिएंट ने कहा, ‘‘यूसीआई की ओर से हम पूरे भारत में विश्व साइकिल दिवस समारोह की शानदार सफलता के लिए सीएफआई को हार्दिक बधाई देते हैं। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘28 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में करीब 200 शहरों और कस्बों में दो सप्ताह तक इस अभियान को सफलतापूर्वक चलाना एक असाधारण उपलब्धि है। यह इस बात का सशक्त उदाहरण है कि जब खेल के प्रति जुनून और बेहतर संगठन साथ आते हैं तो क्या हासिल किया जा सकता है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह पहल उसी भावना का प्रतीक है जिसे हम अपने सदस्य संघों में देखना चाहते हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक समुदायों तक साइकिलिंग की खुशी पहुंचाना है, खासकर उन लोगों तक जिन्हें पहले कभी इस खेल से जुड़ने का अवसर नहीं मिला। ’’
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के सदस्य भी रहे लैपार्टिएंट ने सीएफआई की जमीनी स्तर की पहल ‘अस्मिता महिला लीग’ की भी प्रशंसा की।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें विशेष रूप से ‘अस्मिता महिला लीग’ के बारे में जानकर खुशी हुई। सभी आयु वर्ग की महिलाओं और लड़कियों के लिए समर्पित और उच्च गुणवत्ता वाले प्रतिस्पर्धी अवसर उपलब्ध कराना साइकिलिंग में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण और ठोस कदम है। ’’
भाषा नमिता आनन्द आनन्द
आनन्द

Facebook


