सुपरकिंग्स की बस को अपने स्कूल के पास से गुजरते हुए देखने के लिए सड़क पर खड़ा रहता था: सुदर्शन

सुपरकिंग्स की बस को अपने स्कूल के पास से गुजरते हुए देखने के लिए सड़क पर खड़ा रहता था: सुदर्शन

सुपरकिंग्स की बस को अपने स्कूल के पास से गुजरते हुए देखने के लिए सड़क पर खड़ा रहता था: सुदर्शन
Modified Date: May 21, 2026 / 04:35 pm IST
Published Date: May 21, 2026 4:35 pm IST

नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन चेन्नई सुपरकिंग्स को अपना आदर्श मानते हुए बड़े हुए और टीम की बस को अपने स्कूल के पास से गुजरते हुए देखने के लिए सड़क पर खड़े रहते थे। दिलचस्प बात यह है कि अपने गृह नगर की इस फ्रेंचाइजी के साथ उनका वह भावनात्मक जुड़ाव अब उसी टीम के खिलाफ रन बनाने के एक खास जुनून में बदल गया है।

वर्ष 2022 में गुजरात टाइटन्स फ्रेंचाइजी की शुरुआत से ही इसका हिस्सा रहे 24 वर्षीय इस बाएं हाथ के बल्लेबाज सुदर्शन ने आईपीएल में सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। 2023 सत्र में उन्होंने सिर्फ आठ मैच में 51.71 की औसत और 141.40 के स्ट्राइक रेट से 362 रन बनाए।

सुदर्शन ने 2023 के फाइनल में सुपरकिंग्स के खिलाफ 47 गेंद में 96 रन की शानदार पारी खेली। इसके बाद 2024 में अहमदाबाद में उन्होंने अपना पहला आईपीएल शतक भी सुपरकिंग्स के खिलाफ ही जड़ा।

आईपीएल 2024 में अपने शतक के बारे में बात करते हुए सुदर्शन ने कहा, ‘‘यह कोई जानबूझकर लिया गया फैसला नहीं था। मुझे लगता है कि यह भगवान की कृपा थी और यह सही समय पर हुआ। लेकिन पिच पर समय बिताना हमेशा खास होता है विशेषकर तब जब मैं सुपरकिंग्स के खिलाफ खेलता हूं क्योंकि चाहे कुछ भी कहा जाए या किया जाए सुपरकिंग्स के साथ मेरा एक गहरा भावनात्मक जुड़ाव है।’’ सुदर्शन ने ‘जियोस्टार’ पर कहा, ‘‘मैं सुपरकिंग्स को खेलते हुए देखकर बड़ा हुआ हूं। हम सड़क पर सिर्फ इसलिए खड़े रहते थे ताकि सुपरकिंग्स टीम की बस हमारे स्कूल के पास से गुजरते हुए देख सकें। वे बहुत ही शानदार यादें हैं। मैं भगवान का शुक्रगुजार हूं कि मैं सुपरकिंग्स के खिलाफ कुछ यादगार प्रदर्शन कर पाया।’’

आईपीएल 2025 में सुदर्शन और भी ऊंचाइयां छुईं जब उन्होंने 54.21 की औसत और 156.17 के स्ट्राइक रेट से कुल 759 रन बनाए और ‘ऑरेंज कैप’ अपने नाम की। मौजूदा सत्र में अब तक उन्होंने 13 मैच में 46.17 की औसत और 157.83 के स्ट्राइक रेट से 554 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं।

भाषा सुधीर मोना

मोना


लेखक के बारे में