वरुण टीम के लिए योगदान देने के लिए दर्द के बावजूद खेल रहे हैं: वॉटसन

वरुण टीम के लिए योगदान देने के लिए दर्द के बावजूद खेल रहे हैं: वॉटसन

वरुण टीम के लिए योगदान देने के लिए दर्द के बावजूद खेल रहे हैं: वॉटसन
Modified Date: May 21, 2026 / 01:50 pm IST
Published Date: May 21, 2026 1:50 pm IST

कोलकाता, 21 मई (भाषा) कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के सहायक कोच शेन वॉटसन ने भारत के ‘मिस्ट्री’ स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की तारीफ की जो अपने बाएं पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर होने के बावजूद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लगातार खेल रहे हैं।

वॉटसन ने कहा कि चक्रवर्ती आईपीएल प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए केकेआर की मुहिम योगदान देने के लिए बेताब हैं।

चक्रवर्ती को आठ मई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केकेआर के मैच के दौरान क्षेत्ररक्षण करते समय चोट लगी थी। इस कारण वह 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अगला मैच नहीं खेल पाए थे जिसके बाद मुख्य कोच अभिषेक नायर ने उनके फ्रैक्चर की पुष्टि की थी।

लेकिन आरसीबी से हार के बाद केकेआर को बाकी मैच जीतने की जरूरत थी इसलिए चक्रवर्ती पूरी तरह फिट नहीं होने के बावजूद गुजरात टाइटन्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ लगातार मैचों में खेलने के लिए वापस आ गए।

वॉटसन ने बुधवार को यहां मुंबई इंडियंस पर मिली चार विकेट की जीत के बाद कहा, ‘‘ मुझे ठीक-ठीक नहीं पता कि वह इस समय रिहैब के किस दौर में हैं। मुझे बस इतना पता है कि वह इस समय थोड़े दर्द के साथ खेल रहे हैं, जिससे पता चलता है कि वह कितने बहादुर हैं, वह केकेआर के लिए योगदान देने के लिए कितने आतुर हैं और वह अभी भी शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। ’’

मार्च में टी20 विश्व कप जीतने के बाद से भारत की टी20 स्पिन गेंदबाजी के मुख्य खिलाड़ी चक्रवर्ती का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। अपने पहले तीन आईपीएल मैचों में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला और उन्होंने 105 रन लुटा दिए। इस खराब प्रदर्शन ने केकेआर के अभियान को शुरुआत में ही काफी नुकसान पहुंचाया।

लेकिन टूर्नामेंट के आखिरी दौर में चक्रवर्ती ने अपनी लय वापस पा ली। फिर उन्होंने चार मैचों में 10 विकेट लेकर टीम की वापसी में अहम भूमिका निभाई।

भाषा नमिता मोना

मोना


लेखक के बारे में