वनडे विश्व कप 2027 खेल सकते हैं विराट, रोहित , कहा जहीर अब्बास ने
वनडे विश्व कप 2027 खेल सकते हैं विराट, रोहित , कहा जहीर अब्बास ने
कराची, 28 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज जहीर अब्बास का मानना है कि भारत के चैम्पियन बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा में अभी काफी क्रिकेट बाकी है और दोनों अगले साल वनडे विश्व कप खेल सकते हैं ।
एक पाकिस्तानी टीवी चैनल से बातचीत में जहीर ने कहा कि भारत के ये दोनों दिग्गज अभी भी सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों में से है और उनके विश्व कप खेलने की राह में उम्र आड़े नहीं आनी चाहिये ।
जहीर ने कहा ,‘‘ दोनों के कौशल का सानी नहीं है और उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें विश्व कप टीम से बाहर रखने का कोई कारण नहीं होगा । वे फिट हैं और रन बना रहे हैं तो उम्र कोई कारण नहीं होना चाहिये ।’’
अपने शानदार कैरियर में 100 से अधिक प्रथम श्रेणी शतक लगा चुके इस दिग्गज पूर्व बल्लेबाज ने कहा कि भारत को दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले विश्व कप में इन दोनों के अनुभव का काफी फायदा मिलेगा ।
उन्होंने कहा ,‘‘ मैने रोहित को इंग्लैंड में शतक लगाते देखा और उसकी बल्लेबाजी देखने में मजा आता है । वह इतना सहज होकर उम्दा टाइमिंग से खेलता है ।’’
पाकिस्तानी प्रशंसकों से अपनी टीम का समर्थन करने का अनुरोध करते हुए उन्होंने कहा ,‘‘ उम्मीद है कि बाबर आजम के टेस्ट कप्तान के तौर पर लौटने से चीजें बदलेंगी । वह विश्व स्तरीय खिलाड़ी है और एक बार वह रन बनाने लगे तो टीम पर सकारात्मक असर पड़ेगा ।पाकिस्तान क्रिकेट के अच्छे दिन लौटेंगे ।’’
भाषा मोना
मोना

Facebook


