डोपिंग उन्मूलन में सहयोग के लिये सीबीआई के विशेष निदेशक से मिले वाडा प्रमुख

डोपिंग उन्मूलन में सहयोग के लिये सीबीआई के विशेष निदेशक से मिले वाडा प्रमुख

डोपिंग उन्मूलन में सहयोग के लिये सीबीआई के विशेष निदेशक से मिले वाडा प्रमुख
Modified Date: April 15, 2026 / 05:30 pm IST
Published Date: April 15, 2026 5:30 pm IST

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) भारत दौरे पर आये विश्व डोपिंग निरोधक एजेंसी के अध्यक्ष विटोल्ड बांका ने बुधवार को संगठित डोपिंग और इसके पीछे काम करने वाले आपराधिक नेटवर्क से निपटने में सहयोग पर चर्चा के लिये सीबीआई के विशेष निदेशक मनोज शशिधर से मुलाकात की ।

बांका ने सोमवार को राष्ट्रीय डोपिंग निरोधक एजेंसी के अधिकारियों से मुलाकात करके भारत में खेल की शुचिता की रक्षा के लिये अत्यावश्यक और गंभीर चर्चा की थी । वह बृहस्पतिवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करेंगे जिसमें डोपिंग में भारत के खराब रिकॉर्ड के मसले पर भी बात होगी ।

बांका ने एक्स पर लिखा ,‘‘ केंद्रीय जांच ब्यूरो के विशेष निदेशक मनोज शशिधर से दिल्ली में अहम मुलाकात हुई । वैश्विक डोपिंग निरोधक खुफिया और जांच नेटवर्क के हिस्से के तौर पर हमने संगठित डोपिंग और इसके पीछे सक्रिय आपराधिक नेटवर्क से निपटने के लिये कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ करीबी सहयोग पर जोर दिया ।’’

उन्होंने मंगलवार को खेल सचिव हरि रंजन राव से मुलाकात की थी ।

पिछले साल वाडा के दस साल के वैश्विक अध्ययन में भारत डोपिंग के मामले में दूसरा सबसे खराब रिकॉर्ड रखने वाला देश बना । लगातार तीसरे साल डोप उल्लंघन के सर्वाधिक मामलों की सूची में भारत शीर्ष पर रहा ।

खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने हाल ही में संसद में कहा था कि नाडा का खुफिया और जांच का ढांचा मजबूत करने के लिये सीबीआई जैसी एजेंसियों की मदद ली जा रही है ।

भाषा

मोना सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में