विश्व शतरंज चैम्पियनशिप: गुकेश और लिरेन के बीच दसवीं बाजी भी ड्रॉ रही

विश्व शतरंज चैम्पियनशिप: गुकेश और लिरेन के बीच दसवीं बाजी भी ड्रॉ रही

विश्व शतरंज चैम्पियनशिप: गुकेश और लिरेन के बीच दसवीं बाजी भी ड्रॉ रही
Modified Date: December 7, 2024 / 05:57 pm IST
Published Date: December 7, 2024 5:57 pm IST

सिंगापुर, सात दिसंबर (भाषा) भारतीय चैलेंजर डी गुकेश ने एक बार फिर चीन के मौजूदा चैंपियन डिंग लिरेन की चुनौती का डटकर सामना करते हुए शनिवार को यहां विश्व शतरंज चैंपियनशिप की दसवीं बाजी भी ड्रॉ खेल कर मुकाबला को बराबरी पर बनाए रखा।

पिछली कुछ बाजियों की तरह इस बाजी में भी किसी तरह का रोमांच देखने को नहीं मिला। यह गुकेश के लिए काले मोहरों से खेलते हुए सबसे आसान ड्रॉ रहा। लिरेन ने कोई जोखिम नहीं लिया और वह ड्रॉ से खुश भी थे। दोनों खिलाड़ी 36 चाल के बाद अंक बांटने पर सहमत हो गए।

इन दोनों के बीच यह लगातार सातवीं बाजी थी जो ड्रॉ रही। दोनों खिलाड़ी अभी तक कुल आठ बाजी ड्रॉ खेल चुके हैं और उनके सामान पांच–पांच अंक है। जो भी खिलाड़ी पहले 7.5 अंक बनाएगा वह चैंपियनशिप जीतेगा। इस तरह से वे चैंपियन बनने से अब केवल 2.5 अंक पीछे हैं।

इस 25 लाख डालर इनामी प्रतियोगिता में अब केवल चार दौर की बाजी खेली जानी बाकी हैं। अगर 14 दौर के बाद भी मुकाबला बराबरी पर रहता है तो विजेता का निर्धारण करने के लिए ‘टाइम कंट्रोल’ के आधार पर मैच खेला जाएगा।

चीन के 32 वर्षीय लिरेन ने शुरुआती मैच जीता था जबकि भारत के 18 वर्षीय ग्रैंडमास्टर गुकेश तीसरे मैच में विजयी रहे थे।

भाषा पंत नमिता

नमिता


लेखक के बारे में