यास्तिका शतक के करीब, तीसरे दिन लंच तक भारत की बढ़त 365 रन

Ads

यास्तिका शतक के करीब, तीसरे दिन लंच तक भारत की बढ़त 365 रन

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 06:05 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 06:05 PM IST

लंदन, 12 जुलाई (भाषा) यास्तिका भाटिया (नाबाद 91 रन) एक यादगार शतक की ओर बढ़ रही हैं जिससे भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को यहां एकमात्र टेस्ट में अपना दबदबा बनाए रखा और तीसरे दिन लंच तक चार विकेट पर 250 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 365 रन तक पहुंचा दी।

सुबह दूसरी पारी एक विकेट पर 154 रन पर शुरू करने के बाद पहले सत्र में भारत ने तीन विकेट गंवाए।

स्मृति मंधाना (70 रन, 130 गेंद) सत्र की शुरुआत में ही लॉरेन बेल की गेंद पर लेग-साइड की ओर कैच आउट हो गईं।

तेज गेंदबाज बेल इस सत्र की सबसे अच्छी गेंदबाज़ रहीं, उन्होंने मंधाना के अलावा जेमिमा रोड्रिग्स (12 गेंद में तीन रन) को भी आउट किया।

उनकी रोड्रिग्स को डाली गई गेंद शानदार थी जो तेजी से अंदर की ओर मुड़कर स्टंप्स से जा टकराई।

हरमनप्रीत कौर (34 गेंद में 16 रन) लय में नहीं दिखीं और आखिरकार बाएं हाथ की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन का शिकार बनीं। एक्लेस्टोन ने भारतीय कप्तान को सीधी गेंद पर पगबाधा आउट किया। मैदान पर मौजूद अंपायर ने शुरुआत में उन्हें आउट नहीं दिया, लेकिन एक्लेस्टोन ने डीआरएस लिया और फैसला उनके पक्ष में गया।

ब्रेक के समय यास्तिका के साथ क्रीज पर दूसरे छोर पर दीप्ति शर्मा (38 गेंद में 10 रन) बल्लेबाजी कर रही थीं।

यास्तिका की बल्लेबाजी की खासियत स्पिनरों के खिलाफ पैरों का अच्छा इस्तेमाल और तेज गेंदबाज़ों के खिलाफ शानदार स्ट्रेट ड्राइव रही।

सुबह यास्तिका ने 39 रन से पारी आगे बढ़ाते हुए दिन की शुरूआत बेल की गेंद पर बेहतरीन स्ट्रेट ड्राइव के साथ की।

बेल की गेंद पर एक और स्ट्रेट ड्राइव लगाकर उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया।

पहली पारी में 285 रन बनाने वाली भारतीय टीम ने दूसरे दिन इंग्लैंड को 170 रन पर आउट करके मैच पर पकड़ बना ली थी।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द